कांग्रेस ने प्रदर्शन कर गृह मंत्री का विरोध किया

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून आगमन पर प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले गुब्बारे छोड़कर एवं केन्द्रीय गृह मंत्री का पुतला दहन कर महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों, महिला सुरक्षा की बदहाल स्थिति तथा अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

महिला कांग्रेस व पुलिस के बीच धक्का मुक्की भी हुई। पुलिस ने महिला कांग्रेस नेत्रियों को हिरासत में लेने के बाद रिहा कर दिया।

इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि देश में महिलाओं की सुरक्षा आज एक गंभीर और चिंताजनक सवाल बन चुकी है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार के शासन में महिलाओं और बेटियों के साथ हो रही आपराधिक घटनाएं सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर कर रही हैं। महिलाओं के प्रति अपराध, दुष्कर्म, छेड़छाड़, अपहरण, घरेलू हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं समाज में भय का वातावरण पैदा कर रही हैं। सवाल यह है कि आखिर देश और प्रदेश की बेटियां कब तक असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर रहेंगी?

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की बेटी अंकिता भंडारी को आज तक न्याय नहीं मिल पाया है। प्रदेश की जनता लगातार इस जघन्य हत्याकांड में न्याय और दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग कर रही है, लेकिन सरकार इस मामले में जनता की भावनाओं और सवालों का संतोषजनक जवाब देने में नाकाम रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे शांतिप्रिय और देवभूमि के रूप में पहचाने जाने वाले राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। एक बेटी को न्याय दिलाने के लिए प्रदेश की जनता लगातार आवाज उठा रही है, लेकिन इस मामले से जुड़े अनसुलझे सवालों और जनता की शंकाओं का समाधान आज भी जरूरी है। महिला कांग्रेस की मांग है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों को किसी भी परिस्थिति में संरक्षण न मिले। अंकिता को न्याय दिलाना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की प्रत्येक बेटी के सम्मान और सुरक्षा का सवाल है।

ज्योति रौतेला ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश की आंतरिक सुरक्षा के सर्वोच्च राजनीतिक दायित्वों में से एक का निर्वहन करते हैं। ऐसे में महिला सुरक्षा के सवाल पर केन्द्र और राज्य सरकार दोनों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर केवल राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय सरकार को जवाबदेही स्वीकार करते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने से लेकर प्रदेश की प्रत्येक बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तक महिला कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। भाजपा सरकार को महिलाओं की सुरक्षा के सवालों का जवाब देना होगा और प्रदेश की बेटियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना होगा।

कार्यक्रम में प्रदेश महिला उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, उर्मिला थापा, पुष्पा पंवार, चन्द्रकला नेगी, निधि नेगी, सुशीला शर्मा बेलवाल, अनीता सकलानी, पूनम सिंह, दीपा चौहान, अनुराधा ढींगरा, अनुराधा तिवाडी, बबीता आदि अनेक महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *