बूथ स्तर पर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं से लिया जमीनी फीडबैक

टपकेश्वर महादेव के दरबार में नितिन नबीन ने किया पूजन

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के अंतिम दिन संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बूथ तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया और जमीनी स्तर का फीडबैक लिया। इससे पूर्व उन्होंने प्राचीन सिद्धपीठ टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
शुक्रवार को नितिन नबीन ने सबसे पहले टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश सह-प्रभारी रेखा वर्मा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं संतजन मौजूद रहे।

पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष गढ़ी कैंट स्थित बूथ संख्या-140 पहुंचे, जहां बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ जलपान किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से अनौपचारिक चर्चा कर क्षेत्र की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने बूथ अध्यक्ष के परिवार से भी भेंट कर उनका हालचाल जाना।
इसके बाद नितिन नबीन डाकरा बाजार स्थित बूथ संख्या-138 पहुंचे और बूथ अध्यक्ष राजेश कुमार भंडारी के आवास पर आयोजित बूथ समिति की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए बूथ संगठन को पार्टी की रीढ़ बताया और कहा कि चुनावी सफलता का आधार मजबूत बूथ व्यवस्था है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से “बूथ जीता, तो चुनाव जीता” के मंत्र के साथ जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। साथ ही जमीनी राजनीतिक परिस्थितियों, जनभावनाओं और संगठन की गतिविधियों को लेकर विस्तृत फीडबैक भी प्राप्त किया।

बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें बूथ स्तर तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *