एसटीएफ ने नकल कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया

हाईटेक नेटवर्क बनाकर ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने की साजिश का खुलासा

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने एसएससी परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईश्वरी प्रसाद उर्फ इंद्रजीत शर्मा के रूप में हुई है। आरोपी को नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से इंटरनेट राउटर, ब्लूटूथ डिवाइस, बैटरियां, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।


एसटीएफ के अनुसार आरोपी ने 13 फरवरी 2026 को आयोजित एसएससी मल्टी टास्किंग स्टाफ एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के लिए सर्वर रूम, परीक्षा लैब और अंडरग्राउंड चैंबर तैयार किया था। जांच में सामने आया कि सर्वर रूम से अलग कनेक्शन बनाकर प्रश्नपत्र को रिमोट एक्सेस के जरिए हल कराने की व्यवस्था की गई थी।


मामले में पूर्व में भी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।


एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 18 मई 2026 को आयोजित होने वाली एसएससी कांस्टेबल जीडी ऑनलाइन परीक्षा को देखते हुए नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी केंद्र की गोपनीयता भंग होने की आशंका के चलते केंद्र को सील कर दिया गया है। इसकी सूचना स्टाफ सेलेक्शन कमीशन के क्षेत्रीय निदेशक को भी भेज दी गई है।


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली में नेटवर्किंग और इलेक्ट्रिकल कार्य करता था तथा परीक्षा केंद्रों में लैब और सर्वर सेटअप तैयार करने का काम भी करता था। जांच में कई अन्य परीक्षा केंद्रों के सर्वर से छेड़छाड़ की आशंका भी सामने आई है।
एसटीएफ पूरे नेटवर्क की तकनीकी और वित्तीय जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *