टिकट के दावेदारों को पहना दी टोली प्रवक्ता की टोपी

जुगरान-शुक्ला व अनुकृति को पहनाई टोली प्रवक्ता की टोपी

भाजपा ने प्रदेश प्रवक्ता टोली का किया विस्तार

आठ नए प्रवक्ताओं की घोषणा

अविकल थपलियाल

देहरादून। चुनावी साल में भाजपा ने टिकट के प्रबल दावेदारों को टोली प्रवक्ता की टोपी पहना दी। इनमें किच्छा के पूर्व भाजपा विधायक राजेश शुक्ला व प्रमुख राज्य आंदोलनकारी रविन्द्र जुगरान को टोली प्रवक्ता की अहम जिम्मेदारी दी गयी है।


टोली प्रवक्ताओं की इस सूची में कांग्रेस नेता हरक सिंह की बहू अनुकृति गुसाईं को भी शामिल किया गया है।


गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा से निकाले जाने के बाद हरक सिंह अपनी पुत्रवधु के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। और 2022 में अपना चुनावी टिकट शहीद करते हुए अनुकृति को लैंसडौन विधानसभा से चुनाव लड़वा दिया था। लेकिन अनुकृति चुनाव हार गई थी।


इस बीच, 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पूर्व में हरक सिंह व उनके परिजनों पर सीबीआई, ईडी, आयकर जांच एजेंसी का भारी दबाव बढ़ने के बाद अनुकृति व रुद्रप्रयाग की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा भाजपा में शामिल हो गईं। और पौड़ी लोकसभा के लिए भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी के लिए वोट मांगे। जबकि हरक सिंह कांग्रेस में ही बने रहे। अब उम्मीद यह लग रही थी कि हरक सिंह अपनी बहू को भी कांग्रेस में ले आएंगे। लेकिन अनुकृति भाजपा में ही बनी रहीं । और टोली प्रवक्ता बन बैठी।


अनुकृति गुसाईं के भाजपा में ही बने रहने से हरक सिंह की राजनीति पर भी सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस का एक धड़ा अनुकृति व लक्ष्मी राणा के भाजपा में ही बने रहने पर हरक सिंह को लगातार घेर रहा है। इस गुट का कहना है कि हरक सिंह व उनका परिवार दो नावों में पैर रख कर राजनीति कर रहा है। इससे पार्टी व हरक सिंह की निष्ठा पर भी असर पड़ रहा है।


इसके अलावा मसूरी विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे रविन्द्र जुगरान का नाम भी टोली प्रवक्ताओं की सूची में शामिल होना चर्चा का विषय बना हुआ है। बीते कई दिनों से जुगरान ने मतदाताओं से सम्पर्क साध कर मंत्री गणेश जोशी को कड़ी चुनौती दी हुई है। गणेश जोशी मसूरी विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जुगरान समर्थक भी टिकट के लिए कमर कसे हुए हैं। ऐसे में जुगरान टोली प्रवक्ता की।कुर्सी के साथ कितना न्याय कर पाएंगे?


उधर, कुमाऊं की किच्छा सीट पर पूर्व सीएम हरीश रावत को हराने वाले राजेश शुक्ला भी टोली प्रवक्ता बना दिये गए। 2022 में कांग्रेस के तिलजराज बेहड़ से हार चुके राजेश शुक्ला के एक बार फिर किच्छा के मैदान में डटने की उम्मीद है।


सिर्फ विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए की गई इन नियुक्तियों से शुक्ला व जुगरान कितने संतुष्ट हैं,यह रुझान अभी सामने नहीं आया है।

टोली प्रवक्ताओं की सूची

उत्तराखंड में अपनी प्रदेश प्रवक्ता टोली का विस्तार करते हुए आठ नए प्रवक्ताओं की घोषणा की है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद प्रदेश प्रवक्ता टोली में नए सदस्यों को शामिल किया गया है।
प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी कुंदन परिहार की ओर से जारी सूची के अनुसार रविंद्र जुगरान, राजेश शुक्ला, सुरेश तिवारी, शादाब शम्स, अनुकृति गुसाईं, विश्वजीत नेगी, सत्यवीर चौहान और मनोज जखमोला को प्रदेश प्रवक्ता टोली में जिम्मेदारी दी गई है।
जारी सूची के मुताबिक रविंद्र जुगरान और शादाब शम्स को देहरादून महानगर, राजेश शुक्ला को ऊधमसिंह नगर, सुरेश तिवारी को नैनीताल, अनुकृति गुसाईं और विश्वजीत नेगी को कोटद्वार, सत्यवीर चौहान को देहरादून ग्रामीण तथा मनोज जखमोला को ऋषिकेश से जिम्मेदारी मिली है।
पार्टी के अनुसार प्रवक्ता टोली के विस्तार का उद्देश्य संगठन की बात को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने और मीडिया समन्वय को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *