प्राधिकरण की चेतावनी के बावजूद निर्माण जारी रखने पर हुई कार्रवाई
अविकल उत्तराखंड
मंगलौर। हरिद्वार जिले के मंगलौर में बिना स्वीकृति कराए जा रहे व्यावसायिक निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने कार्रवाई की है। घास मंडी क्षेत्र में करीब 20×10 फीट क्षेत्रफल में भूतल पर कराए जा रहे निर्माण को प्राधिकरण की टीम ने सील कर दिया।
प्राधिकरण के अनुसार, निर्माणकर्ता द्वारा बिना स्वीकृति निर्माण कराया जा रहा था। अनधिकृत निर्माण के खिलाफ संबंधित अधिनियम की धाराओं के तहत वाद भी दर्ज किया गया था। इसके साथ ही निर्माण कार्य बंद करने के लिए मौके पर लगातार निर्देश दिए जा रहे थे।
निर्देशों के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को सील कर दिया। साथ ही मौके पर मौजूद निर्माणकर्ता को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए।
प्राधिकरण ने अनधिकृत निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




