अविकल उत्तराखंड
देहरादून। प्रदेश में विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती विज्ञापन जारी करने और लंबित परीक्षा परिणाम घोषित करने समेत 16 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को हजारों बेरोजगार युवाओं ने उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले सचिवालय कूच किया। परेड ग्राउंड से दोपहर करीब 12 बजे संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल के नेतृत्व में निकले युवाओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सचिवालय से पहले रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के साथ धक्कामुक्की भी हुई।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कांस्टेबल, वन रक्षक, बंदी रक्षक, सचिवालय रक्षक और आबकारी सिपाही समेत सभी वर्दीधारी पदों पर भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग उठाई। इसके अलावा वन दरोगा, प्राथमिक शिक्षक, सहायक अध्यापक, प्रवक्ता, आइटीआइ अनुदेशक और पॉलीटेक्निक प्रवक्ता के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई।

संघ की अन्य प्रमुख मांगों में पटवारी-लेखपाल पुनर्परीक्षा का परिणाम घोषित करना, न्यायालय के आदेश के क्रम में चयनित सहायक अध्यापकों को नियुक्ति देना तथा उत्तराखंड लोक सेवा आयोग और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की लंबित परीक्षाओं के परिणाम जारी करना शामिल रहा। प्रदर्शनकारियों ने दोनों आयोगों से घोषित परीक्षा कैलेंडर के अनुसार भर्ती परीक्षाएं आयोजित करने की भी मांग की।
इसके अलावा शहरी विकास विभाग में अधिशासी अधिकारी, पर्यावरण पर्यवेक्षक और कर संग्रहकर्ता के पदों पर भर्ती विज्ञापन जारी करने, सिंचाई विभाग में प्रतिरूप सहायक, लोक निर्माण विभाग में अमीन, उच्च शिक्षा विभाग में प्रयोगशाला सहायक और विभिन्न विभागों में पुस्तकालयाध्यक्ष के रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई गई। आइटीआइ अनुदेशक के 859 रिक्त पदों और तकनीकी शिक्षा विभाग में पॉलीटेक्निक प्रवक्ता के पदों पर भी भर्ती शुरू करने की मांग की गई।
सचिवालय कूच के दौरान पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल के नेतृत्व में युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के सचिव आइएएस शैलेश बगोली से मुलाकात की। इस दौरान अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता नवनीत पांडे भी मौजूद रहे। संघ के अनुसार, अधिकारियों ने युवाओं को उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद बेरोजगार युवाओं ने फिलहाल धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए बेरोजगार संघ के पूर्व अध्यक्ष बॉबी पंवार और त्रिभुवन चौहान भी पहुंचे। इस दौरान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, जसपाल चौहान, बिट्टू वर्मा, विशाल चौहान, नितिन दत्त बुड़ाकोटी, सुशील कैंतुरा, नवीन चौहान, नितिन तोमर, अशोक चौहान और पंकज मंदोली समेत बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।




