आईएचएम के उपनल कर्मचारियों को मिलेगा समान कार्य-समान वेतन

15 दिसंबर तक पहले चरण की प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। आईएचएम (इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट), निम्बूवाला में उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को जल्द ही समान कार्य-समान वेतन का लाभ मिलने की उम्मीद जगी है। संस्थान प्रबंधन ने पहले चरण में वर्ष 2016 से कार्यरत कर्मचारियों को 15 दिसंबर 2026 तक समान कार्य-समान वेतन देने की प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया है।

इस संबंध में आईएचएम निम्बूवाला के प्रधानाचार्य डॉ. शिव मोहन और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विकास रावत ने उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) शमशेर सिंह बिष्ट से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उपनल के माध्यम से संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन दिए जाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई।

वार्ता के दौरान शमशेर सिंह बिष्ट ने कहा कि अन्य संस्थानों की तर्ज पर आईएचएम प्रबंधन को भी सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन देने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करनी चाहिए। उन्होंने इस मामले में अनावश्यक देरी न करने की बात भी कही।

इस पर प्रधानाचार्य डॉ. शिव मोहन और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विकास रावत ने आश्वस्त किया कि पहले चरण में वर्ष 2016 से कार्यरत कर्मचारियों को 15 दिसंबर 2026 तक समान कार्य-समान वेतन का लाभ देने की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। इसके बाद वर्ष 2018 से कार्यरत कर्मचारियों को इस दायरे में लाया जाएगा। तीसरे चरण में वर्ष 2018 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को भी समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिया जाएगा।

प्रबंधन की ओर से सभी पात्र कर्मचारियों को उनके बकाया एरियर का भुगतान किए जाने की बात भी कही गई। इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों में लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *