दर्दनाक- स्कूल के शौचालय की छत गिरी, मासूम की मौत, तीन घायल

जर्जर शौचालय व विभागीय लापरवाही ने ली मासूम चन्दन की जान। चम्पावत जिले के पाटी ब्लाक के प्राइमरी स्कूल मोनकांडा स्कूल में घटी यह दर्दनाक दुर्घटना

डीएम ने उप जिला मजिस्ट्रेट को जांच अधिकारी नियुक्त किया। 15 दिन के अंदर देंगे जांच रिपोर्ट

मुख्यमंत्री ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए। पीड़ित परिवार को दो लाख की सहायता

अपडेट- जांच के आदेश

दिनांक- 14.09.2022 को समय लगभग 10:40 बजे प्रातः राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मौनकाण्डा, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत के विद्यालय परिसर के खंडहर शौचालय की छत अचानक गिर जाने के कारण 01 छात्र की मौके पर मृत्यु तथा 05 छात्र-छात्रायें घायल हुए हैं। जनहित में उक्त दुर्घटना के सही तथ्यों की मजिस्ट्रीयल जांच की जानी आवश्यक है।

अतः मैं नरेन्द्र सिंह भण्डारी, जिला मजिस्ट्रेट, चम्पावत उक्त दुर्घटना की मजिस्ट्रीयल जांच हेतु उप जिला मजिस्ट्रेट, पाटी को जांच अधिकारी नियुक्त करता हूँ तथा जांच अधिकारी को निर्देशित करता हॅू कि वे दुर्घटना के कारणों की जांच तत्काल पूर्ण कर अपनी जांच आख्या 15 दिन अन्तर्गत अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

दिनांक:- सितम्बर, 2022

(नरेन्द्र सिंह भण्डारी) जिला मजिस्ट्रेट, चम्पावत।

अविकल उत्तराखंड

चंपावत। उत्तराखंड के मासूमों को गुलदार तो शिकार बना ही रहे हैं। लेकिन इस बार गुलदार ने किसी मासूम की जान नहीं ली। इस बार शिक्षा विभाग की लापरवाही व अकर्मण्यता की वजह से एक छात्र की जान चली गयी। सरकारी स्कूल के इस जर्जर टॉयलेट की समय रहते मरम्मत हो जाती तो आठ साल के चन्दन सिंह की जान बच जाती।

जिले के पाटी ब्लाक से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। पाटी विकासखंड प्राइमरी स्कूल मोनकांडा के जर्जर शौचालय की छत गिरने से कक्षा तीन में पढ़ने वाले आठ वर्षीय छात्र चन्दन सिंह की मौत हो गई। तीन छात्र-छात्राएं घायल हो गए। इस दुर्घटना के बाद मृतक छात्र के घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया।

इस दुर्घटना ने सरकारी स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की कलई खोल दी। इस मामले की जाँच होने से सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति की तस्वीर सामने आ सकती है।

मृतक

चंदन सिंह पुत्र गोधन सिंह (8)

घायल

सोनी पुत्री श्याम सिंह

रिंकू पुत्र गोधन सिंह

शगुन पुत्री श्याम सिंह

मुख्यमंत्री ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत जनपद के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मौनकाण्डे में एक दुःखद घटना में विद्यालय में शौचालय की छत गिरने से कक्षा 03 में अध्ययनरत् एक छात्र की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश देते हुए कहा है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिये हैं कि सभी सरकारी स्कूल भवनों का निरीक्षण कर लिया जाए। जहां जरूरी हो वहां भवनों के मरम्मत संबंधी काम करवा लिया जाए। यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि कक्षाएं पूरी तरह से सुरक्षित भवनों में ही संचालित हो।

घटना की जानकारी देते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी, चम्पावत जितेन्द्र सक्सेना ने बताया कि
राजकीय प्राथमिक विद्यालय मौनकाण्डे में दिनांक 14 सितम्बर, 2022 को एक दुःखद घटना में विद्यालय में कक्षा 03 में अध्ययनरत् छात्र चन्दन सिंह पुत्र गोधन सिंह का आकस्मिक निधन हो गया। दुःख की इस घड़ी में विद्यालयी शिक्षा विभाग शोक संतप्त परिवार के साथ है। विद्यालय में एक अन्य शौचालय भी बना हुआ था, जो कि छात्रों द्वारा प्रयोग में लाया जा रहा था। जिस शौचालय की छत गिरने से दुर्घटना हुयी, यह निष्प्रोज्य (प्रयोग में नहीं) था। मध्यावकाश में खेल-खेल में विद्यार्थी उस निष्प्रयोज्य शौचालय की छत पर चढ़ गये, जिससे कि भार अधिक होने के कारण दुघर्टना घटित हुयी। दुर्घटना में घायल छात्र-छात्राओं का ईलाज तत्काल चिकित्सकों के द्वारा किया गया व अन्य सभी घायल छात्र छात्राएं खतरे से बाहर है।

जांच के आदेश

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *