SDRF ने बद्रीनाथ से पहले लामबगड़ में उफनते बरसाती नाले से तीर्थयात्रियों को सकुशल पार कराया
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड में जारी बरसात व भूस्खलन से राज्य की लगभग 200 सड़कें टूट गयी हैं। उत्तरकाशी, बागेश्वर व देहरादून में तीन व्यक्ति लापता हैं। इनमें दो बरसाती पानी में बह गए जबकि एक ने बागेश्वर में पुल से नदी में छलांग लगा दी। राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र से मिली सूचना के अनुसार प्रदेश के 10 गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप है। आपदा से 605 पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हुई लेकिन सभी के अस्थायी तौर पर ठीक होने का भी दावा किया गया है।
उधर, मौसम विभाग ने 2 अगस्त तक प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक लोक निर्माण विभाग के अन्तर्गत आज कुल 85 मार्ग अवरुद्ध हुए तथा शनिवार तक 82 मार्ग अवरूद्ध थे। अर्थात कुल 167 अवरुद्ध मार्गो में से 69 मार्गों को आज खोल दिया गया है। शेष 98 मार्ग अवरुद्ध हैं। जिसमें से 14 राज्य मार्ग, 08 मुख्य जिला मार्ग, 04 अन्य जिला मार्ग एवं 72 ग्रामीण मार्ग अवरूद्ध हैं।
इसके अतिरिक्त पी.एम.जी.एस.वाई. के अन्तर्गत आज 24 मार्ग अवरुद्ध हुये। शनिवार को 158 मार्ग अवरूद्ध थे अर्थात कुल 182 अवरूद्ध मार्गो में से आज 27 मार्गो को खोल दिया गया है। शेष 155 अवरुद्ध मार्गो को खोले जाने की कार्यवाही गतिमान है।
जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्गों पर 80 मशीनें, राज्य राजमार्गों पर 18 मशीनें, मुख्य जिला मार्गो पर 12 मशीनें, अन्य जिला मार्गो पर 08 मशीनें, तथा ग्रामीण मार्गो पर 77 मशीनें, कुल 195 मशीनें कार्य कर रही है। इसके अतिरिक्त पी0एम0जी0एस0वाई0 के मार्गो पर 103 मशीनें लगायी गयी है। इस प्रकार कुल 298 मशीनें मार्ग खोलने का कार्य कर रही हैं।
आपदा की स्थिति में, विभिन्न शाखाओं में पेयजल उपलब्ध कराये जाने हेतु 71 विभागीय टैंकर उपलब्ध हैं एवं किराये के 219 पेयजल टैंकर चिन्हित हैं। राज्य के अन्तर्गत वर्ष 2022 में दैवीय आपदा/अतिवृष्टि से वर्तमान तक कुल 605 पेयजल योजनायें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं जिनमें अस्थायी व्यवस्था से पेयजल आपूर्ति चालू कर दी गयी है।
राज्य के अधिकतर जनपदों में विद्युत आपूर्ति सुचारू है। जनपद टिहरी, रूद्रप्रयाग, चमोली के अन्तर्गत भारी वर्षा के कारण कुछ गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित चल रही है। जिसमें विभाग द्वारा विद्युत आपूर्ति सुचारू करने हेतु कार्य गतिमान है। वर्तमान तक राज्य में कुल 100 ग्रामों में विद्युत बाधित थी। जिसमें से 90 ग्रामों की विद्युत आपूर्ति पूर्णरूप से सुचारू कर दी गई है। शेष 10 ग्रामों में विद्युत आपूर्ति सुचारू करने हेतु कार्य गतिमान है।
जनपद उत्तरकाशी के डुंडा में एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना पर एस.डी.आर.एफ. टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुँचकर गहन सर्चिंग की गई। जनपद चमोली के लामबगड़ में बरसाती पानी से मार्ग अवरुद्ध होने पर एस.डी.आर.एफ. टीम द्वारा त्वरित रेस्क्यू करते हुए स्थानीय लोगों व यात्रियां को सकुशल पार कराया गया। भगत सिंह कॉलोनी देहरादून में पूर्व में गदेरे में बहे व्यक्ति की खोजबीन हेतु एस.डी.आर.एफ. टीम द्वारा संभावित स्थानों पर सर्चिंग अभियान चलाया गया। जनपद बागेश्वर में एक व्यक्ति के सरयू पुल से नदी में छलांग लगाने की घटना पर एस.डी.आर.एफ. टीम द्वारा त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया परन्तु उक्त व्यक्ति का पता नही चला।
जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला मल्ली बाजार में भूस्खलन की चपेट में आने से एक ज्वैलरी की दुकान क्षतिग्रस्त हो गयी। एस.डी.आर.एफ. टीम द्वारा एन.डी.आर.एफ. व स्थानीय पुलिस के साथ सर्चिंग ऑपरेशन चलाकर कीमती सामान बरामद कर सिविल पुलिस के सुपुर्द किया।
वन विभाग के 30 जुलाई 2022 को नैनीताल जनपद के अन्तर्गत घटगढ़, कालाढूॅंगी- नैनीताल मोटर मार्ग पर वायरलैस द्वारा देर सायं साल का वृक्ष सड़क पर गिर जाने की सूचना प्राप्त हुई। वन विभाग की टीम द्वारा तुरन्त मौके पर पहुॅचकर कार्यवाही की गई। मार्ग यातायात हेतु पुनः चालू कर दिया गया।
एक अन्य घटना में रविवार को शिवालिक विहार, काठगोदाम मंदिर के पास पीपल की सूखी शाखा गिरने की सूचना नैना पीक वायरलैस स्टेशन से प्राप्त हुई। नगर निगम व वन विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाही कर यातायात सुचारू किया गया।
Pls clik
सीएम ने 108 एम पैक्स के कम्प्यूटरीकरण का शुभारम्भ किया

