लक्ष्य छात्रवृत्ति अभियान से जुड़ रहे देश विदेश के सजग नागरिक


उत्तराखंड के सरकारी विद्यालयों के जरूरतमंद बच्चों के लिए शिक्षक दिनेश चंद्र भट्ट का सफल अभियान। 28 छात्र-छात्राओं को मिल चुकी है छात्रवृत्ति

अविकल उत्तराखंड


देहरादून। सीमांत पिथौरागढ़ जिले के राजकीय इण्टर कॉलेज कुम्डार (पिथौरागढ़) से शुरू किया गया ‘लक्ष्य छात्रवृत्ति’ अभियान अमेरिका और न्यूजीलैंड तक पंहुच गया है। छात्रवृत्ति योजना विद्यालय के भौतिक विज्ञान शिक्षक दिनेश चन्द्र भट्ट ने वर्ष 2017 में शुरू की थी। अब तक डेढ़ लाख रूपयों से अधिक की छात्रवृत्ति 28 बच्चों को दी जा चुकी है। इस वर्ष 70 हजार रुपये की छात्रवृत्ति पिथौरागढ़ जनपद के तेरह बच्चों को उनके बैंक खातों के माध्यम से दी गई है।


शिक्षक, देश-विदेश में कार्यरत अपने सहपाठी मित्रों, और सहयोगी आप्रवासी भारतीयों के सहयोग से सरकारी विद्यालयों के निर्धन, मेधावी और जरूरतमंद बच्चों को यह छात्रवृत्ति दिलवा रहे हैं।

इस वर्ष पोर्टलैण्ड (अमेरिका) से शिखा मिश्रा और उनके साथियों ने 6 बच्चों को, टेक्सास(अमेरिका) से राकेश परवाल ने 2 बच्चों को, ओकलैंड (न्यूजीलैंड) से प्राची जैन ने 2 बच्चों को, महाराष्ट्र से शिक्षक की सहपाठी महिला (नाम जाहिर नहीं करना चाहती) ने 2 बच्चों को, डीआरडीओ चण्डीगढ़ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ0 प्रेम दत्त और एरीज, नैनीताल की वैज्ञानिक डॉ0 कुन्तल मिश्रा ने एक एक बच्चे को लक्ष्य छात्रवृत्ति उनके बैंक खातों में भेजी है। प्रत्येक बच्चे को छात्रवृत्ति के रूप में 5 हजार रुपये दिए गए हैं। पिछले वर्ष भी अमेरिका से ‘पोर्टलैण्ड पहाड़ी ग्रुप’ ने शिक्षक के अभियान का पता चलने पर उनसे सम्पर्क कर राइका कुम्डार के 8 बच्चों को 40 हजार रूपयों की छात्रवृत्ति प्रदान की थी।


राइका कुम्डार (पिथौरागढ़) के 11 बच्चों के अतिरिक्त राबाइका ऐंचोली(पिथौरागढ़) की एक छात्रा और राइका बलुवाकोट (पिथौरागढ़) की एक छात्रा को इस छात्रवृत्ति हेतु शिक्षक द्वारा चुना गया। शिक्षक का उद्देश्य अपने विद्यालय के अतिरिक्त दूसरे सरकारी विद्यालयों के जरूरतमंद बच्चों को लाभान्वित करने का है। भविष्य में भी छात्र हित में यह अभियान जारी रहेगा। शिक्षक ने अभियान में शामिल होने वाले अपने मित्रों और सहयोगियों का आभार प्रकट किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य लक्ष्मण सिंह खाती ने छात्रवृत्ति अभियान की सराहना की है।

Pls clik

चिकित्साधिकारी के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *