इतने सालों तक कहाँ थे ‘आप’ के केजरीवाल-सीएम धामी

देशभक्त उत्तराखंडी केजरीवाल के मुफ्त के जाल में नहीं फँसेगे- धामी

मुफ्त में मुफ्त के सपने दिखा रहे केजरीवाल

पीएम मोदी पर उत्त्तराखण्ड का विशेष भरोसा

कांग्रेस काल में खनन माफिया ने अधिकारियों पर जेसीबी व डंपर चढ़ा दिए थे

लोकायुक्त व भू कानून पर मंथन जारी

अविकल उत्त्तराखण्ड से सीएम धामी की विशेष बातचीत

दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की सोमवार की जनसभा से ठीक पूर्व सीएम पुष्कर सिंह धामी सचिवालय में कामकाज निपटाते नजर आए। अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए सीएम धामी ने “अविकल उत्त्तराखण्ड” के साथ खास मुद्दों पर अपने दृष्टिकोण को रखा। साफ कहा कि चुनाव में उत्त्तराखण्ड की राष्ट्रवादी जनता एक बार फिर मोदी  पर विश्वास जताएगी।

सवाल- विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी जोर शोर के साथ शिरकत कर रही है। साथ ही कह रही है कि भाजपा- कांग्रेस ने कुछ नहीं किया?

जवाब- इतने सालों तक आम आदमी पार्टी कहाँ थी, विशेषकर बीते साढ़े चार साल में। कहीं नहीं दिखायी दी आम आदमी पार्टी। और अब उत्त्तराखण्ड की जनता को मुफ्त में मुफ्त सपने दिखा रही है। पहाड़ के लोग बहुत ही स्वाभिमानी और राष्ट्रवादी सोच के हैं। इनके मुफ्त के जाल में नहीं फँसेगे। दिल्ली में केजरीवाल की घोषणाएं धूल फांक रही है।

लोग अभी दिल्ली के दंगे नहीं भूले है। उत्त्तराखण्ड वीरों और देशभक्तों की भूमि है। यहां हर घर से फौज में भर्ती सैनिक सीमा ओर डटा है। ये वही पार्टी है जो सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्त्तराखण्ड को 1 लाख करोड़ की विकास योजनाएं दी है। हर सेक्टर में तेजी से विकास हो रहा है। आम आदमी पार्टी सिर्फ सपने दिखाने में माहिर है और भाजपा जनता के सपने और उम्मीदों को धरातल पर उतारने में दिन रात जुटी है। हमारी डबल इंजन की सरकार जितनी भी घोषणाएं कर रही है उनके तत्काल शासनादेश भी निकाल रहे हैं।

उत्त्तराखण्ड की जनता देश के साथ चलती है। आम आदमी पार्टी में शामिल हुए लोग दिल्ली के नेताओं की तानाशाही से नाराज होकर कुछ समय के भीतर ही पार्टी छोड़ दे रहे हैं।

केंद्र सरकार उत्त्तराखण्ड का हरसंभव सहयोग दे रही है।पीएम मोदी ने हाल ही में गढ़वाल व कुमाऊं के लिए हजारों करोड़ की विकास योजनाएं दी है। केदारनाथ पुनर्निर्माण, चारधाम  आलवेदर रोड व रेल परियोजनाओं पर चल रहा काम जमीन पर दिख रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन सर्वे के लिए 29 करोड़ दिए। उधमसिंहनगर में सेटेलाइट एम्स के अलावा लखवाड़ परियोजना को फिर शुरू किया जा रहा है। चुनाव में जनता पीएम मोदी  के साथ खड़ी नजर आएगी।

सवाल- विधानसभा चुनाव में महंगाई एक मुख्य मुद्दा बनने जा रहा है?

जवाब- हाल ही में डीजल-पेट्रोल पर 12-12 रुपए की कमी की गई। कोविड महामारी के समय भी देश में कोई काम नहीं रुका। महामारी के दौरान से लेकर अभी तक गरीब लोगों को मुफ्त भोजन दिया जा रहा है। मुफ्त वैक्सीन लग रही है।

सवाल। भाजपा ने 2017 के चुनाव में 100 दिन के अंदर लोकायुक्त के गठन का वादा किया था। पांच साल बाद भी लोकायुक्त फाइलों में कैद है ?

जवाब- हमारी सरकार में कहीं भी किसी प्रकार के भ्र्ष्टाचार का कोई मामला सामने नहीं आया है। सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। लोकायुक्त के गठन के सवाल पर मंथन जारी है। सरकार विचार कर रही है।

सवाल- प्रदेश में सख्त भू कानून को लेकर आंदोलन जारी है। जमीन की बेहिसाब खरीद फरोख्त को रोकने के लिए प्रदेश से आवाज उठ रही है। चुनावी मुद्दा भी बन रहा है।

जवाब- सख्त भू कानून को लेकर उत्त्तराखण्ड से उठ रही आवाज को वे सुन रहे हैं। इस मुद्दे पर कमेटी बनाई गई है। मैं स्वंय अध्ययन कर रहा हूँ। उत्त्तराखण्ड कि आबोहवा व पर्यावरण को सुरक्षित रखते हुए ऐसा भू कानून लाने की कोशिश में जुटे हैं जहां उद्योग धंधे भी पनपे और रोजगार सृजन भी हो। इसके साथ ही पहाड़ी जिलों के लिए बनाई गई पर्वतीय औद्योगिक नीति और भू कानून के बीच ऐसा तालमेल बनाया जाएगा जिससे स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके। और जमीन की अंधाधुंध खरीद फरोख्त से बचा जा सकेगा।

सवाल- इन दिनों कांग्रेस पार्टी राज्य में जारी अवैध खनन के मसले पर लगातार हमले बोल रही है। अवैध खनन भी चुनावी मुद्दे की शक्ल अख्तियार करते जा रहा है।

जवाब- कांग्रेस को खनन पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। कांग्रेस शासन में तो खनन माफिया ने अधिकारियों पर डंपर व जेसीबी चढ़ा दी थी। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा ही नहीं है।

सवाल-  लेकिन अवैध खनन रोकने के लिए आपके स्तर पर क्या कदम उठाए गये?

जवाब- सरकार का फोकस वैध खनन पर है। मैंने अवैध खनन को रोकने के लिए सख्ती से कदम उठाए है। जो भी शिकायतें आयी उन पर तत्काल कार्रवाई हो रही है। जिला प्रशासन लगातार छापेमारी में अवैध खनन सामग्री सीज कर रहे है। चालान काटे जा रहे हैं। राजस्व की हानि करने वालों को बख्शा नही जाएगा।

सवाल-चुनाव करीब है । समय कम मिला फिर भी क्या उपलब्धि रही?

जवाब- काम करने का समय कम मिला। लेकिन पीएम मोदी की प्रेरणा से दिन रात विकास कार्यों में जुटा हूँ। सभी वर्गों को संतुष्ट करने की कोशिश कर रहा हूँ। जनहित में कई मुद्दों पर पुनर्विचार कर नये फैसले लिए। राज्य आन्दोलनकरियों से जुड़े मुद्दे भी हल किये जा रहे हैं। कई विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। रोजगार की दिशा में उठाये गए इन फैसलों के शीघ्र  सार्थक परिणाम सामने आएंगे।

सवाल-पुलिसकर्मियों कर परिजन ग्रेड पे की मांग को लेकर आंदोलित है। अभी तक कोई फैसला नही  हुआ?

जवाब- कैबिनेट ने पुलिस के ग्रेड-पे के संबंध में मुझे अधिकृत किया है। इस सम्बंध में आवश्यक विचार विमर्श के बाद जल्द फैसला ले लिया जाएगा।

पी.आर.डी. कर्मियों को 300 दिन रोजगार देने व लोनिवि संविदा कर्मियों के संबंध में भी निर्णय लेंगे।
हमारी सरकार समस्या को बनाये रखने की जगह सुलझाने में विश्वास रखती है। जनता पीएम मोदी व भाजपा की हकीकत जानती है।

चुनाव में जनता एक बार फिर डबल इंजन को मौका देगी। यह बात मैं इसलिए भी कह रहा हूँ कि पीएम मोदी उत्त्तराखण्ड के विकास कार्यों को बहुत प्राथमिकता देते हैं और एक फोन पर ही विकास योजनाओं के लिए अपनी स्वीकृति दे देते हैं। यह बात उत्त्तराखण्ड की जनता समझ रही है।

Pls clik-केजरीवाल की चुनावी जनसभा

पूर्व सैनिकों को सरकारी नौकरी देंगे और शहीद परिजनों को 1 करोड़

पुलिस विभाग के सैकड़ों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *