दिल्ली में कोश्यारी-बीएल संतोष के साथ गुफ्तगू से चढ़ा सियासी पारा


महाराष्ट्र भवन में राज्यपाल कोश्यारी से सीएम धामी, मंत्री धन सिंह रावत व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की गुफ्तगू.

बीएल संतोष राज्यपाल कोश्यारी से मिले

बीएल संतोष से मिले धामी. महाराज आज पुणे/नागपुर जाएंगे.

विधायक मुन्ना चौहान व प्रमोद नैनवाल दिल्ली पहुंचे

अविकल थपलियाल-अविकल उत्तराखंड

नई दिल्ली। सीएम पुष्कर सिंह धामी दिल्ली में दो दिनी गहन मंथन के बाद आज गुरुवार को 10 बजे तक देहरादून पहुंच रहे हैं। उधर, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज गुरुवार की दोपहर पुणे की फ्लाइट पकड़ रहे हैं। महाराज के नागपुर जाने की भी सम्भावना जतायी जा रही है। कुछ विधायक दिल्ली बुलाये गए हैं।

धामी मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर दिल्ली में पार्टी नेताओं की बैठकें  होने से सरगर्मी काफी बढ़ गयी है। सीएम धामी ने बुधवार को  महाराष्ट्र के राज्यपाल कोश्यारी व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से कई मुद्दों पर चर्चा की। बीएल संतोष व कोश्यारी के बीच भी कुछ मुद्दों को लेकर मंथन हुआ। कोश्यारी मंगलवार को दिल्ली पहुंच गए थे।

महाराष्ट्र के राज्यपाल व पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी

इस बीच दिल्ली में पूर्व सीएम व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से सीएम धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत की दो घण्टे तक मुलाकात में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। यह अहम मुलाकात बुधवार की सुबह लगभग 9 बजे हुई।

सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात से लेकर कई अन्य मुद्दों पर बातचीत हुई।

इसके बाद सीएम धामी ने पार्टी मुख्यालय में संगठन महामंत्री बीएल संतोष से लगभग 1 घण्टे तक मंथन किया। समझा जाता है कि इस बैठक में कैबिनेट के नए स्वरूप पर भी चर्चा हुई। अंकिता भण्डारी हत्याकांड व भर्ती घोटाले के बाद उत्तराखंड में उपजे हालात पर भी बीएल संतोष को वस्तुस्थिति बतायी गयी।

केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी

भाजपा के मुख्यालय में सांसद अनिल बलूनी से भो सीएम ने मुलाकात की। इससे पूर्व, सीएम धामी ने पर्यटन मंत्री किशन रेड्डी से भी मुलाकात की थी।

इस बीच, दिल्ली में भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान व प्रमोद नैनवाल भी पहुंच गए हैं। नैनवाल ने रानीखेत से कांग्रेस के करण मेहरा को हराया है। सूत्रों का कहना है कि इन दोनों विधायकों को पार्टी हाईकमान ने बुलाया है। कुछ दिन पूर्व भी विकासनगर से भाजपा के तेज तर्रार विधायक चौहान दिल्ली गए थे।

इसके अलावा  कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी दो दिन दिल्ली के उत्तराखंड सदन में आते जाते रहे। वे विश्व पर्यटन दिवस के कार्यक्रम के अलावा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री से मिले और आभार जताया। उधर,प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला व केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह से भी मिले।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के साथ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक रुद्रप्रयाग भारत चौधरी, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, विधायक काशीपुर त्रिलोक सिंह चीमा

इस दौरान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, विधायक भरत चौधरी व अनिल नौटियाल भो मौजूद रहे।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में विभागीय कार्यक्रमों के बहाने पार्टी हाईकमान उत्तराखंड की राजनीतिक नब्ज टटोल रहा है। और पार्टी नेताओं के दिल की थाह ले रहा है।

भर्ती घोटाले व अन्य घपलों के बाद धामी सरकार के कुछ जनप्रतिनिधि  विवादों में घिर चुके हैं। अंकिता हत्याकांड को कांग्रेस व अन्य दलों ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा मुद्दा बना दिया है। ऐसे में दिल्ली में जारी मंथन के बाद धामी कैबिनेट में कुछ नये चेहरे शामिल करने की संभावना बढ़ गयी है। दिल्ली मंथन के बाद सीएम धामी आज सुबह 10 बजे तक देहरादून पहुंच जाएंगे। कैबिनेट मंत्री धन सिंह बुधवार की रात AC स्पेशल से चलकर दून पहुंच चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंहव प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट

फिलहाल,  विकासनगर से भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान व प्रमोद नैनवाल दिल्ली में हैं…महाराज की आज हो रही पुणे/नागपुर यात्रा पर भी नजरें टिकी हुई हैं..उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक पारा लगातार चढ़ता जा रहा है..

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *