हल्द्वानी में एकजुट भाजपा ने सीएम पुष्कर सिंह धामी की थपथपाई पीठ

हल्द्वानी में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में पारित राजनीतिक प्रस्ताव में धामी सरकार के कार्यों को सराहा, देखें मूल राजनीतिक प्रस्ताव

अविकल उत्तराखंड

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पारित राजनीतिक प्रस्ताव में पीएम मोदी के साथ सीएम पुष्कर सिंह धामी की बल्ले बल्ले की गई। विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद चंपावत उपचुनाव व राज्यसभा चुनाव में मिली विजय के बाद लोकसभा व राज्यसभा में उत्तराखंड कांग्रेस से मुक्त होने पर खुशी जताई गई।

प्रदेश कार्यसमिति में पारित राजनीतिक प्रस्ताव में सीएम पुष्कर सिंह धामी के रोजगार,भ्र्ष्टाचार, परिसम्पत्तियों के बंटवारे, समान नागरिक संहिता , चारधाम यात्रा, सत्यापन अभियान व विभिन्न सेक्टर से जुड़े कर्मियों को मानदेय देने पर प्रदेश सरकार की पीठ थपथपाई।

इससे पूर्व, दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यसमिति का शुभारम्भ किया गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रभारू दुष्यन्त गौतम, सह प्रभारी श्रीमती रेखा वर्मा सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

कार्यसमिति में पेश राजनीतिक प्रस्ताव की मूल भाषा

भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखण्ड की यह कार्यसमिति एक ऐसे समय पर हो रही है, जब मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सहित चार राज्यों में भारतीय जनता पार्टी ने पुनः विजय प्राप्त कर सरकारें बनाई और इतिहास की रचना की। इसी के साथ मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी प्रधानमंत्री के रूप में स्वर्णिम आठ वर्ष पूरे हुए हैं और भारतीय जनता पार्टी सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण पखवाड़ा मना रही है। मा० प्रधानमंत्री जी ने देश की राजनीति की दिशा और दशा दोनों को बदल दिया है। उन्होंने राजनीति को विकास, सेवा व वंचितों के कल्याण से भी जोड़ा, तो ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, ‘स्वच्छता’ जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों से भी संबद्ध किया। वैश्विक पटल पर भी उन्होने भारत को अग्रिम पंक्ति में खड़ा कर दिया है। उनके कार्यकाल के ये आठ वर्ष इतिहास में हमेशा याद रखें जायेंगे।

हाल ही में संपन्न उत्तराखण्ड विधान सभा चुनाव, कई अर्थों में ऐतिहासिक हैं। इस चुनाव में राज्य की जनता ने मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के उत्तराखण्ड के प्रति विशेष स्नेह व राज्य के विकास के लिए उनके नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों के प्रति अपनी सद्भावना का प्रगटीकरण करते हुए चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान किया और विजयी बनाया। इसके अलावा जनता ने मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ऊर्जावान नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों पर भी अपनी मुहर लगाई व भाजपा को विजय श्री प्रदान की। इस चुनाव ने उस मिथक को भी तोड़ा जिसके अनुसार राज्य बनने के बाद हर चुनाव में दूसरे दल की सरकार बनती रही। इसके विपरीत जनता ने ऐतिहासिक जनादेश देते हुए भाजपा को दो तिहाई बहुमत से जिताया। इसके लिए यह कार्य समिति उत्तराखण्ड की महान जनता के प्रति आभार व्यक्त करती है और धन्यवाद देती है।

इसी क्रम में हमारे मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने चंपावत विधानसभा उप चुनाव में करीब 94 प्रतिशत प्राप्त कर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। इसका संदेश पूरे देश में गया है। यह कार्यसमिति मा० मुख्यमंत्री जी को बधाई देती है और चंपावत की जनता के प्रति आभार व्यक्त करती है।

भाजपा के विजय क्रम में उत्तराखण्ड से राज्यसभा के लिए हुए चुनाव में भाजपा उम्मीदवार श्रीमती डॉ० कल्पना सैनी निर्विरोध विजय हुई। उन्हें भी यह कार्य समिति बधाई देती है। श्रीमती डॉ० कल्पना सैनी की राज्यसभा में विजय के साथ अब उत्तराखण्ड, लोकसभा व राज्यसभा दोनों में कांग्रेस मुक्त हो गया है। क्योंकि अब लोकसभा की पांचों सीटों के साथ राज्यसभा की तीनों सीटों पर भी भाजपा सांसद है।

भारतीय जनता पार्टी की विजय माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व, उनकी सरकार के कार्यों, राष्ट्रीय अध्यक्ष मा० श्री जेपी नड्डा जी के मार्गदर्शन मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी और मा० प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन कौशिक जी के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों का परिणाम है। यह उत्तराखण्ड की जनता का भाजपा पर विश्वास का परिणाम हैं कि उसने भाजपा को विजयी बनाने के साथ कांग्रेस व आप सहित अन्य दलों के दुष्प्रचार को पूरी तरह नकार दिया। इसके परिणाम स्वरूप इन दलों को करारी हार का सामना करना पड़ा। जनता द्वारा भाजपा के प्रति जो विश्वास व्यक्त किया गया है, उस विश्वास को बनाये रखना हमारी बड़ी जिम्मेदारी है। जिसके प्रति हम कटिबद्ध हैं।

यह हर्ष का विषय है कि राज्य में मा० प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन कौशिक जी के नेतृत्व में संगठन द्वारा मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी को पार्टी का दृष्टि पत्र सौंपा गया, जिस पर सरकार ने तत्काल कार्यान्वयन शुरू कर दिया।

सरकार ने अपनी पहली केबिनेट बैठक में राज्य में समान नागरिक संहिता’ लागू करने संबंधी प्रस्ताव पारित किया। अब इस संबंध में मा० मुख्यमंत्री जी ने पाँच सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है जो सभी विषयों पर विचार कर ड्राफ्ट तैयार करेगी। इस ऐतिहासिक कार्य हेतु यह कार्य समिति मा० मुख्यमंत्री जी को बधाई देती है।

कोरोना काल के पश्चात उत्तराखण्ड में प्रारम्भ हुई विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा व श्री हेमकुण्ड साहेब यात्रा, देश-विदेश से आ रहे लाखों श्रद्धालुओं के अपार उत्साह के साथ सफलता से संचालित हो रही है। इस यात्रा में अभी तक से सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए लाखों की संख्या में यात्री आ रहे हैं और मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में शासन-प्रशासन द्वारा यात्रा का सफलता से संचालन किया जा रहा है। इससे मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की वह बात सत्य सिद्ध हो रही है कि यह दशक उत्तराखण्ड का दशक है। कड़ी चुनौतियों के बीच यात्रा की व्यवस्था के लिए मा० मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में पूरा शासन – प्रशासन तंत्र बधाई का पात्र है।

उत्तराखण्ड राज्य बनने के बाद उत्तर प्रदेश के साथ सम्पत्तियों के बंटवारे का प्रकरण दो दशक से अधिक समय से लंबित था। लेकिन उत्तर प्रदेश के मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी व मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के बीच हुई वार्ता के बाद इस मामले का भी समाधान हो गया। इसके लिए श्री योगी जी व श्री धामी जी साधुवाद के पात्र हैं।

प्रदेश में युवाओं को सरकारी नौकरियों में रोजगार देने के लिए चिन्हित 24,000 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया गतिमान है। इनमें से पी०सी०एस०, पुलिस भर्ती सहित कई परीक्षायें व भर्ती अभियान लम्बे अंतराल के बाद हुए है। राज्य में सिविल सेवाओं सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्तीर्ण हुए अभ्यर्थियों को यह कार्यसमिति बधाई देती है। सरकार सरकारी नौकरियों के साथ स्वरोजगार पर भी विशेष ध्यान दे रही है और इसके लिए कई योजनायें संचालित की जा रही है।

राज्य में स्वस्थ युवा स्वस्थ उत्तराखण्ड अभियान के अन्तर्गत सभी ग्राम पंचायतों में फिटनेस सेण्टर स्थापित किये जा रहे हैं। खेलों को प्रोत्साहन देने लिए सरकार ने नई खल नीति तैयार की है। शिक्षा के नये आयामों से जोड़ने के लिए विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को टैबलेट प्रदान किये जा रहे हैं।

प्रदेश में अवांछित लोगों की पहचान के लिए वेरिफिकेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा सरकार ने दृष्टिपत्र में किए गए वायदों को पूरा करते हुए, गरीबों को तीन घरेलू गैस सिलेंडर देने का निर्णय लिया है। वृद्धावस्था पेंशन को अब पति-पत्नी दोनों के लिए कर दिया गया है और इसकी राशि भी रू0 1200.00 से बढ़ाकर रू० 1500.00 प्रतिमाह कर दी गई है। साथ ही निराश्रित विधवा भरण-पोषण अनुदान, दिव्यांग पेंशन को भी रू० 1200.00 से बढ़ाकर रू0 1500.00 कर दिया गया है। राज्य कर्मचारियों को 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृत किया गया है।

इनके अलावा शिक्षा मित्रों का मानदेय रू0 15000 प्रतिमाह से बढ़ाकर रू० 20000 प्रतिमाह किया गया है। पर्यावरण मित्रों का मानदेय भी बढ़ाया गया है जो रू0 500.00 प्रतिदिन कर दिया गया है। इसके अलावा आंगनबाड़ी, भोजन माता, खिलाडियों सहित विभिन्न वर्गों के मानदेय को भी बढ़ाया गया है।

राज्य में किसानों के लिए सी. एम. किसान प्रोत्साहन निधि शुरू की जा रही है। किसानों के लिये गेहूँ खरीद पर रू० 20 प्रति कुन्तल बोनस के रूप में दिया जा रहा है। गन्ने का मूल्य भी बढ़ाया गया है और पिछले सारे भुगतान किये जा चुके हैं। उत्तराखण्ड को जैविक प्रदेश बनाने के लिए कार्य करने के साथ यहाँ के उत्पादों के लिए अखिल भारतीय बाजार बनाने हेतु उत्तराखण्ड ऑर्गेनिक ब्रांड बनाया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों के लिए हिम प्रहरी योजना बनाई जा रही है, साथ ही अन्य कई विषयों पर कार्य हो रहा है। सैन्य धाम का निर्माण प्रगति पर है और इसके लिए राशि जारी की जा चुकी है। राज्य में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में 100 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है।

राज्य में उद्योगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मा0 मुख्यमंत्री पूरी तरह संवेदनशील है और लगभग सभी समस्याओं का निराकरण कर लिया गया है। राज्य में हैली सेवा को प्रोत्साहन देने लिए ए0टी0एफ में 18 प्रतिशत की छूट दी गयी है। इसके अन्तर्गत 20 प्रतिशत कर को घटाकर मात्र 2 प्रतिशत किया गया है।

मा० मुख्यमंत्री जी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए जहाँ भ्रष्टाचार मुक्त एप 1064 आरम्भ किया है, वहीं कई भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की है।

कार्यसमिति मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी व उनकी सरकार को अल्प काल में ही किए गए इन कार्यों के लिए बधाई देती है। हमें विश्वास है कि सरकार दृष्टि पत्र में जनता से किए गए वायदों को पूरा करेगी और जनता का भरोसा बनाए रखेगी।

कार्यसमिति मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल के आठ वर्ष पूरे होने पर हार्दिक बधाई देती है। इस दौरान उनके द्वारा किए गए कार्य इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखे जाएंगे। हमारे प्रधानमंत्री जी देश ही नही, विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। जनता को उनकी नीति, नीयत, कार्यो पर पूर्ण विश्वास है और विपक्ष का षड़यंत्र पूर्ण दुष्प्रचार उस विश्वास को हिला भी नहीं पाया है। उनके राष्ट्र प्रथम के उद्घोष के साथ ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास का मंत्र विपक्ष की नकारात्मक राजनीति पर भारी है। जनता को विश्वास है कि देश उनके नेतृत्व में जहां विकास पथ पर सतत आगे बढ़ता रहेगा, वहीं देश उनके नेतृत्व में सुरक्षित भी है। यह कार्य समिति मा० प्रधानमंत्री जी को हार्दिक शुभकामनायें देती है और हमें विश्वास है कि उनका ऊर्जावान, सशक्त, दूर दृष्टिपूर्ण नेतृत्व हमें सतत मिलता रहेगा।

जहां भाजपा राष्ट्र हित को सर्वोपरि मानते हुए देश को आगे बढ़ाने के लिए सतत कार्यशील है, वहीं कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल देश व जनता के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरा करने व जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने में पूरी तरह असफल रहे हैं। उनका एक मात्र कार्य आलोचना करना व देश हित के कार्यों में बाधा डालना है, इसीलिए जनता ने उन्हें नकार दिया है। जबकि भाजपा देश को विश्व गुरु बनाने के लक्ष्य के प्रति समर्पित है और हम इस मार्ग पर चलते रहने के प्रति कटिबद्ध हैं।

जन संपर्क पर होगा फोकस:कौशिक

इससे पूर्व, भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के तहत मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक द्वारा द्वीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम के साथ शुभारम्भ किया गया । बैठक में बुधवार से प्रारम्भ होने जा रही प्रदेश कार्यसमिति बैठक की कार्ययोजना एवं पार्टी द्वारा चलाए जारहे विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा व अग्रिम कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई ।


बैठक में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री कार्यकाल के रूप में 8 वर्ष पूरा होने पर उनके द्वारा जो सेवा सुशासन एवं गरीब कल्याण के ऐतिहासिक कार्य किए गए उनको जन जन पहुँचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बारे ने चर्चा की गई ।


इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि बैठक मे लगभग 20 विन्दुओ पर चर्चा हुई। मन की बात कार्यक्रम को बूथ स्तर तक पहुचाया जाएगा। इसके लिए सभी जिलाध्यक्षो को समन्वय बनाने को कहा गया है। मोदी सरकार के सफल 8 वर्ष की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुचाने तथा इसके लिए होने वाले कार्यक्रमों की रूप रेखा पर चर्चा की गई। मुख्यत:
जन संपर्क पर फोकस किया गया कि कैसे कार्यक्रम आगे बढ़ाये जाएँगे। कल होने वाली बैठक मे राजनैतिक प्रस्ताव में इन विन्दुओ पर निर्णय लिया जाएगा।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश और चंपावत में पार्टी को मिले प्रचंड बहुमत के लिए सभी पन्ना प्रमुख,मंडल अध्यक्ष तथा बूथ कार्यकर्ताओ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बैठक मे आगामी सभी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने जनपद वार सभी ज़िला अध्यक्षों से संगठन द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की विस्तार से जानकारी लेते हगे सभी कार्यक्रमों को समयबद्धता के साथ पूर्ण करने आगे के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक आयोजित करने के लिए ज़ोर देने को कहा ।
प्रदेश पदाधिकारी बैठक में उत्तराखण्ड सह प्रभारी भाजपा राष्ट्रीय उपाअध्यक्ष श्रीमती रेखा वर्मा सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

Pls clik

उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड का रिजल्ट नौ जून को

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *