बाजपुर सिविल कोर्ट का नायब नाजिर रिश्वत लेते गिरफ्तार

राजीनामा दाखिल कराने के नाम पर मांगे थे 3500 रुपये, विजिलेंस ने रंगे हाथ दबोचा

अविकल उत्तराखण्ड

बाजपुर। ऊधमसिंहनगर के बाजपुर स्थित सिविल कोर्ट में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने 3500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने एनआई एक्ट के एक मामले में राजीनामा दाखिल कराने के लिए कोर्ट फीस के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी को दी शिकायत में बताया था कि उसके विरुद्ध एनआई एक्ट का वाद सिविल कोर्ट बाजपुर में विचाराधीन है। दूसरे पक्ष के साथ समझौता होने के बाद वह राजीनामा दाखिल करने कोर्ट पहुंचा था, जहां नायब नाजिर ओम चौहान ने 3500 रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने बुधवार को सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बाजपुर के कार्यालय में कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।


मामले में आगे की विवेचना जारी है। सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा करते हुए लोगों से भ्रष्टाचार के मामलों की शिकायत टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *