सीएम ने उत्तरकाशी के खेत में बोया मोटा अनाज. होम स्टे में बिताई रात

सीएम धामी ने उत्तरकाशी जिले को कई सौगात देने के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की. गंगा आरती में हिस्सा लिया. और रात्रि चौपाल में जन समस्या सुन नेताला के होम स्टे में बिताई रात.रविवार की सुबह उठ खेत में बोया मोटा अनाज. और सुबह की सैर में आम जनता का लिया हाल हवाल

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में 110 योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

अविकल उत्तराखण्ड

उत्तरकाशी। अपने दो दिवसीय दौरे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार की सुबह उत्तरकाशी के ग्राम शिरोर में “मंडुआ” की बुवाई की।

मुख्यमंत्री ने राज्य में होने वाले श्रीअन्न उत्पादों को बढ़ावा देने के मकसद से ग्राम सिरोर में ‘लाइन शोइंग’ विधि से की मंडुआ की बोआई की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार मिलेट्स का प्रचार प्रसार हो रहा है उसी का परिणाम है कि आज देश ही नहीं अपितु विश्व स्तर पर मोटे अनाज (मिलेट्स) की मांग बढ़ रही है।

प्रदेश में सरकार द्वारा मिलेट फसलों को प्रोत्साहन देने हेतु लगभग ₹73 करोड़ रुपए की धनराशि स्टेट मिलेट मिशन को दी गई है। हमारी सरकार पर्वतीय क्षेत्र के किसानों से मंडवा, झिंगोरा, चौलाई जैसे मोटे अनाजों की खरीद MSP पर कर रही है व किसानों को इसका ऑनलाइन भुगतान भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राम नेताला, उत्तरकाशी में गांव वालो के साथ रात्रि चौपाल लगाकर सुनी जन समस्याएं

लोगों के बीच जमीन में बैठ प्रत्येक व्यक्ति से मुख्यमंत्री ने जानी उनकी समस्या

अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को परोसे स्थानीय एवं भोज: मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ग्राम नेताला में रात्रि चौपाल लगाकर जन समस्याएं सुनी एवं संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु निर्देशित किया

रात्रि चौपाल के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोगों के बीच जमीन में बैठ प्रत्येक व्यक्ति से उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने कहा सरकार की योजनाओं एवं प्रशासन द्वारा किए जा रहे काम को आमजन के बीच बैठकर ही समझा जा सकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को लखपति बनाने पर कार्य कर रही है। राज्य के अंतर्गत रोजगार के साथ ही युवा स्वरोजगार की ओर बढ़े। इसके लिए भी कई कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा उत्तरकाशी जिला विकास की नई ऊंचाइयों को छुए इस पर भी कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड का चौमुखी विकास हो रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियां समाज के खड़े अंतिम छोर पर व्यक्ति के लिए बनाई जा रही हैं । उन्होंने कहा पिछले वर्ष चार धाम यात्रा ने सभी रिकॉर्ड तोड़े। इस वर्ष भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु अभी तक चार धाम यात्रा पहुंच चुके हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के अंतर्गत होमस्टे को बढ़ावा मिले इसके लिए सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा राज्य से भ्रष्टाचार खत्म हो इसके लिए 1064 सेवा शुरू की गई है यह सरकार भ्रष्टाचार मुक्त सरकार के संकल्प को पूर्ण कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि क्षेत्र में संचालित हो रहे विभिन्न होमस्टे यदि यहां के स्थानीय भोज को चार धाम आने वाले श्रद्धालुओं को खिलाएंगे तो इससे हमारे उत्पादों को एक नई पहचान मिलेगी साथ ही ग्रामीण क्षेत्र और भी ज्यादा सशक्त होगा।

इस दौरान कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राणा, विधायक संजय डोभाल, विधायक दुर्गेश्वर लाल, विधायक सुरेश चौहान एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

रात्रि विश्राम भागीरथी नदी के किनारे ग्राम नेताला के होमस्टे में किया

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में 110 योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

जिले के विकास में नया अध्याय हुआ शुरू : मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में आयोजित “मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए ₹34710.19 लाख की 110 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें ₹13699.01 लाख की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं ₹21011.18 लाख की 56 विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 6 प्रतिभाशाली छात्रों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सम्मान राशि का चेक वितरित किया, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को अनुदान राशि एवं आवास की चाबी भेंट की। साथ ही डेयरी विकास, मत्स्य पालन, सहकारिता, उद्यान आदि विभागों की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के कुल 63 लाभार्थियो को चेक वितरित किए। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनो को व्हीलचेयर के साथ ही 16 लाभार्थियों को आपदा राहत किट, कृषि एवं बागवानी से संबंधित उपकरण वितरित किए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के विकास हेतु विभिन्न घोषणाएं की। जिसमें विकास खण्ड मोरी के मोरी मौताड़ मोटर मार्ग के बागी पुल से आराकोट तक जिला मार्ग का नवनिर्माण कार्य कराया जाने। विकास खण्ड मोरी के जखोल से धारा गाँव के लिए मोटर मार्ग का नव निर्माण किए जाने। विकासखण्ड नौगांव के कुवा अनु० जाति बाहुल्य गाँव को जोड़ने हेतु मोटर मार्ग का विस्तार एवं सुदृढीकरण कार्य किए जाने।

यमुनोत्री धाम के समीप खरसाली से मालाथाच ट्रैक मार्ग हनुमान चट्टी से गुलाबीकांठा ट्रैक मार्ग, राना चट्टी 1 से घिनाडा ट्रैक मार्ग एवं बनास तप्त ऋषि कुण्ड व प्राकृतिक झरने व स्थलों को पर्यटकों हेतु विकसित करने हेतु स्वीकृति प्रदान किए जाने। बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ में ईको पार्क की स्वीकृति प्रदान की जाने। तिलोथ पुल से लक्षेश्वर तक तथा तामाखाणी से तिलोथ पुल तक आस्था पथ का निर्माण किए जाने। पटूड़ी धनारी को सेम मुखेम मोटर मार्ग से जोड़ना तथा ज्ञानसु उपरी कोट मोटर मार्ग से स्थानाचट्टी तक मोटर मार्ग एवं मल्ला, बेलक त्रिजुगीनारायण मोटर मार्ग का निर्माण कार्य किए जाने।

चारधाम यात्रा को दृष्टिगत रखकर जनपद उत्तरकाशी में मुख्य बाजार से लीसा डिपो तक वाहन पार्किंग निर्माण एवं उत्तरकाशी शहर में अन्य पॉकेट पार्किंग के निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान किए जाने।सरनौल से सोत्तरी बुग्याल सरुताल को पर्यटक सर्किट के रूप में आगे प्रस्तिवित किए जाने। चिन्यालीसौड़ में राजीव नवोदय विद्यालय के लिए भवन स्वीकृत किए जाने एवं रा.इ.का मनेरी का नाम गत वर्ष दिवंगत पर्वतारोही सविता कन्सवाल के नाम पर रखे जाने की घोषणा शामिल रही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी संख्या में आए लोगों का अभिनंदन स्वीकार करते हुए कहा कि उत्तरकाशी क्षेत्र के लिए हो रही 110 विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास से जिले में विकास का नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा इन लोकार्पण एवं शिलान्यास से जिले में सड़क मार्ग, स्वास्थ्य सुविधाएं, विकास खंड कार्यालयों व स्कूलों को अनावासीय भवन, स्कूलों में पुस्तकालय, शौचालय एवं प्रयोगशाला की सुविधाएं तथा खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल एवं पर्यटकों व स्थानीय जनता हेतु पार्किंग की सुविधा प्राप्त होगी एवं मूलभूत सुविधाओं का विस्तार एवं विकास होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। पीएम किसान सम्मान निधि से 11 करोड़ से अधिक किसानों को ₹6000 सालाना दिये जा रहे हैं। आज सभी को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों का मुफ्त में इलाज किया जा रहा है।

सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी का देश में तेजी से विस्तार हुआ है। 09 सालों में प्रधानमंत्री जी ने उत्तराखंड को दिए विकास के नवरत्न के साथ ही आज हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं। केदारनाथ – बद्रीनाथ धाम में ₹1300 करोड़ से पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है। मानसखण्ड मंदिर माला मिशन का काम तेजी से चल रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत जनपद उत्तरकशी में 21 हजार से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है। अन्त्योदय अन्न योजना के तहत 13 हजार से अधिक एवं खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 34 हजार से अधिक परिवारों को लाभान्वित किया गया है। उत्तरकाशी जनपद में जल जीवन मिशन के तहत 7488 लक्ष्य के सापेक्ष 6278 परिवारों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा राज्य सरकार, राज्य में विकास की नई नीव रखने का कार्य कर रही है। होम स्टे को बढ़ावा देने के साथ ही आज राज्य में 4000 से अधिक होम स्टे रजिस्टर्ड हैं। 16 ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन का विकास किया जा रहा है। ₹2,000 करोड़ की टिहरी लेक डेवलपमेंट परियोजना पर कार्य गतिमान है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश में 03 करोड़ से अधिक आवास दिये गए है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थी परिवारों को महिलाओं के नाम पर आवंटित मकानों को पंजीकृत करने का कार्य किया है। उत्तरकाशी जनपद में प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) योजना के तहत लक्ष्य 1544 के सापेक्ष 1457 लोगों को लाभान्वित किया गया है। तथा प्रधानमंत्री आवास (शहरी) योजना के तहत लक्ष्य 652 के सापेक्ष 306 लोगों को लाभान्वित किया गया है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के लगभग 9 लाख किसानों के खातों में लगभग 1390 करोड़ की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। किसानों को 03 लाख रूपए और महिला स्वयं सहायता समूहों को बिना ब्याज के 05 लाख रूपए तक का ऋण, “फार्म मशीनरी बैंक” योजना के तहत किसानों को 80 फीसदी तक सब्सिडी पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराईं जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में लगभग 18 हजार पॉलीहाउस के स्थापना हेतु रू० 304 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। माननीय प्रधानमंत्री के विशेष प्रयासों से वर्ष 2023 को इंटरनेशनल एयर ऑफ मिलेट्स के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य में स्टेट मिलेट मिशन को मंजूरी दी गई है। जिसके तहत अंत्योदय परिवारों को एक किलो मडुवा दिया जाएगा। राज्य सरकार की 6 एरोमा वैली विकसित करने की भी योजना है। मिशन एप्पल और मिशन किवी के साथ ही मिशन दालचीनी एवं मिशन तिमरु भी प्रारंभ की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के हित में देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून उत्तराखंड में लागू किया है। हमारी सरकार वायदानुसार प्रदेश में जल्द ही समान नागरिक संहिता लागू करेगी। उन्होंने कहा जबरन या प्रलोभन से धर्म परिवर्तन पर रोक हेतु सरकार ने उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता (संशोधन) विधेयक पारित किया है। हमारी सरकार अन्त्योदय की भावना के अनुरूप विकास पर कार्य कर रही है। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने एवं उसका विकास सरकार की प्रथमिकता है। राज्य सरकार उत्तराखंड राज्य को वर्ष 2025 तक हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। इस हेतु हम विकल्प रहित संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।

यमुनोत्री के विधायक संजय डोभाल, पुरोल के विधायक दुर्गेश्वर लाल और गंगोत्री के विधायक सुरेश चौहान ने मुख्यमंत्री जी का स्वागत करते हुए कहा कि श्री धामी के कुशल और सफल नेतृत्व में प्रदेश में विकास के संकल्पों को पूरा करने का काम कर रहा है।

इस दौरान कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राणा, पूर्व विधायक राजकुमार, केदार सिंह रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता सूरतराम नौटियाल, स्वराज विद्वान, मनवीर चौहान, राम सुन्दर नौटियाल, केशर सिंह रावत एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

उत्तरकाशी में भागीरथी नदी किनारे आयोजित गंगा आरती में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री धामी

मां गंगा को निर्मल एवं स्वच्छ बनाएं जाने का कार्य निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा है: मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओ से वार्ता कर यात्रा व्यवस्थाओं के बारे में लिया फीडबैक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तरकाशी में भागीरथी नदी किनारे आयोजित गंगा आरती में सम्मिलित होकर पूजा अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली एवं तरक्की की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगा आरती में स्थानीय एवं अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने पर निरंतर कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य गंगा का उद्गम स्थल है। इस राज्य के एक बड़े भाग से मां गंगा बहती है। मां गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता में हमारे राज्य की अहम भूमिका है। हम सभी को अपने मन से मां गंगा की निर्मलता पर कार्य करना चाहिए। मां गंगा की स्वच्छता के प्रति हमें दूसरों को भी जागरुक करना होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण देश में मां गंगा को निर्मल एवं स्वच्छ बनाएं जाने का कार्य निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार धाम यात्रा हेतु मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओ से वार्ता कर उनसे यात्रा व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। जिस पर श्रद्धालुओ ने राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं कि प्रशंसा की।

उत्तरकाशी में विकास कार्यों की समीक्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के अपने भ्रमण के दौरान कलक्ट्रेट सभागार में जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ईमानदारी और निष्ठा से काम करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि विकास योजनाओं एवं जन कल्याणकारी कार्यक्रमों का पूरा लाभ सभी क्षेत्रों और लागों के मिल सके, इसके लिए हमें तत्परता से जुटे रहना होगा।

उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही या शिथिलता और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जल्दी ही जिले के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जायेगी। श्री धामी ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं और सतर्कता विभाग को ऐसे मामले पर निरंतर प्रभावी निगरानी रख कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी सहित सभी अधिकारियों को क्षेत्र पंचायत और तहसील दिवसों में अनिवार्य रूप से भाग लेकर जनता की समस्याओं का प्रभावी और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने की हिदायत दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को आम आदमी की जिंदगी में बदलाव लाने के लिये समर्पित होकर जुटना होगा। उन्होने रोजगारपरक योजनाओं और सामाजिक आर्थिक विकास के कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि जिले के विकास के लिये आवश्यक संसाधनों की कमी नही होने दी जायेगी। जिले में एप्पल मिशन की धनराशि में वृद्धि के लिये प्रस्ताव भेजने के निर्देश देते हुए श्री धामी ने कहा कि जिले को किवी मिशन में भी शामिल किया जायेगा।


इस मौके पर जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने जिले में संचालित विकास कार्यों की प्रगति का ब्यौरा मुख्यमंत्री के सम्मुख रखा।
बैठक में विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्ववर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह राणा, वरिष्ठ भाजपा नेता किशोर भट्ट, मनवीर चौहान, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।

ग्राम सिरोर, नेताला में प्रातः काल भ्रमण पर निकले मुख्यमंत्री धामी।

ग्राम वासियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सीमांत विकासखंड भटवाड़ी के ग्राम सिरोर, नेताला में प्रातः काल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम वासियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने भागीरथी नदी से हो रहे कटाव के बारे में भी ग्राम वासियों से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय लोगों से सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने ग्राम सिरोर के खेतों में पावर वीडर से जुताई की। मुख्यमंत्री ने गांव क्षेत्र में मंडुवे की खेती को बढ़ावा देने के मकसद से ग्राम सिरोर में ‘लाइन शोइंग’ विधि से मंडुआ की बोआई की एवं महिलाओ को मंडुए के बीज वितरित किए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न कृषि उपकरणों के बारे में जानकारी लेते हुए आधुनिक उपकरणों को किसानों को ज्यादा से ज्यादा वितरित किए जाने की बात कही। उन्होंने खेतो में जीवामृत खाद, बीजामृत खाद का भी छिड़काऊ किया। साथ ही जीवामृत खाद, बीजामृत खाद के इस्तमाल को खेतो में ज्यादा से ज्यादा बड़ाए जाने की बात कही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर गांव में फलदार पौधों का रोपण भी किया। उन्होंने कहा कि बंजर भूमि में हम अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने चहिए। उन्होंने कहा प्रातः काल भ्रमण के दौरान ग्राम वासियों से मिलकर सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का फीडबैक मिलता है। उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाए जाने का सपना गांव को आदर्श एवं सर्वश्रेष्ठ बनाने से ही पूरा होगा।

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *