भू माफिया प्रदीप सकलानी और पत्रकार हेम भट्ट के सम्बन्धों की पुष्टि नहीं-दून पुलिस
पुलिस जांच में खुल रहे सफेदपोशों के कनेक्शन
फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर बुजुर्ग महिला की जमीन बेचने का आरोप, पुलिस जुटा रही ठोस साक्ष्य
अबिकल उत्तराखण्ड
देहरादून । बहुचर्चित भूमि धोखाधड़ी मामले में दून पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए एक पार्षद को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं पत्रकार हेम भट्ट के संबंध में पुलिस ने फिलहाल कोई पुष्ट साक्ष्य मिलने से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार, हेम भट्ट और प्रदीप सकलानी के बयानों का परीक्षण अभी जारी है।
गौरतलब है कि पुलिस ने पत्रकार हेम भट्ट को शनिवार की सुबह 4 बजे घर से उठा लिया था। उस वक्त हेम भट्ट परिवार के साथ हल्द्वानी जाने की तैयारी में थे। लेकिन इसी बीच, मौके पर पहुंची पुलिस को लगा कि हेम भट्ट भागने की कोशिश में हैं।
पत्नी दिव्या जोशी ने आरोप लगाया कि छोटे-छोटे दो बच्चों के सामने पुलिस ने हेम भट्ट के साथ मारपीट भी की। यही नहीं,उन दोनों का मोबाइल भी ले गए।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया में पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में तीखी प्रतिक्रियाओं ने तापमान को और भी बढ़ा दिया। विपक्षी दल व भाजपा विधायक अरविंद पांडे भी हेम भट्ट के मुद्दे पर विरोध में उतर आए।
लंबी पूछताछ के बाद भू माफिया प्रदीप सकलानी और हेम भट्ट का कोई सम्बंध सामने नहीं आया। इसके बाद हेम भट्ट को छोड़ दिया गया।

पुलिस की ओर शनिवार की रात्रि जारी किए गए प्रेस नोट में कहा गया-
हेम भट्ट से विस्तृत पूछताछ के आधार पर वर्तमान मे प्राथमिक रूप से उनके विरुद्ध कोई पुष्ट साक्ष्य प्राप्त नहीं हुए हैं।
हेम भट्ट व अभियुक्त प्रदीप सकलानी के बयानों का परीक्षण किया जा रहा है। जल्द ही पुलिस द्वारा अभियुक्त प्रदीप सकलानी का पुलिस कस्टडी रिमांड(PCR) लिया जाएगा, जिसमें उससे पुनः पूछताछ करके जमीनी धोखाधड़ी में उसके साथ संलिप्त लोगों के बारे में सघनता से पूछताछ की जाएगी । और साक्ष्य एकत्रित किए जाएंगे। अभियुक्त प्रदीप सकलानी के सहयोगियों के विरुद्ध पुष्ट साक्ष्यो के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का दावा है कि जमीनों की फर्जी खरीद-फरोख्त और दस्तावेजों में हेराफेरी करने वाले संगठित गिरोह के तार कई सफेदपोश लोगों से जुड़े हो सकते हैं।
एसएसपी डोभाल के नेतृत्व में चल रही जांच में लगातार नए नाम सामने आ रहे हैं और पुलिस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 को रायपुर पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी और कथित भूमि धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड प्रदीप सकलानी को उसके एक अन्य साथी के साथ गिरफ्तार किया था। दून एसएसपी डोभाल व एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह की
पूछताछ में ईनामी अपराधी प्रदीप सकलानी ने कई सहयोगियों और संदिग्ध व्यक्तियों के नाम उजागर किए हैं। जिनकी भूमिका किसी न किसी रूप में जमीन धोखाधड़ी से जुड़ी बताई गई।
इसके बाद एसएसपी देहरादून ने विशेष पुलिस टीमें गठित कर सभी संदिग्धों से पूछताछ के निर्देश दिए।
गठित टीमों ने विभिन्न स्थानों से संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए अलग-अलग थानों में लाकर उनसे गहन पूछताछ की। जांच के दौरान थाना नेहरू कॉलोनी में दर्ज मुकदमा संख्या 82/26, धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी आईपीसी के मामले में कई अहम तथ्य सामने आए।
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त प्रदीप सकलानी और उसके साथियों ने महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा निवासी बुजुर्ग महिला प्रतिमा लाखीराम कंसवाल की देहरादून स्थित भूमि हड़पने के लिए उनके दोनों पुत्रों के फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किए। इसके बाद उक्त जमीन को तीन अलग-अलग व्यक्तियों को बेच दिया गया।
पूछताछ में नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के वार्ड नंबर-56 के पार्षद अमित भण्डारी उर्फ दीपू, पत्रकार हेम भट्ट, अमजद खान, शौकत अली तथा अन्य व्यक्तियों के नाम सामने आए। पुलिस ने इन सभी से अलग-अलग थानों में विस्तृत पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और उनके गहन विश्लेषण के आधार पर पार्षद अमित भण्डारी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें शनिवार 23 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
दून पुलिस अब जल्द ही प्रदीप सकलानी की पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) लेने की तैयारी कर रही है, ताकि उससे दोबारा पूछताछ कर पूरे गिरोह, उसके सहयोगियों और जमीन धोखाधड़ी के अन्य मामलों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस का कहना है कि जिन लोगों की संलिप्तता के ठोस साक्ष्य मिलेंगे, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों को केवल संदिग्धता के आधार पर पूछताछ के लिए लाया गया था, उन्हें विवेचना में सहयोग करने की हिदायत देकर सकुशल उनके परिजनों और परिचितों के सुपुर्द कर दिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त
अमित भण्डारी उर्फ दीपू पुत्र स्वर्गीय प्रेम मोहन भण्डारी, निवासी वार्ड नंबर-56, धर्मपुर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून।
Pls clik-पत्रकार हेम भट्ट को उठाने पर बवाल
पत्रकार हेम भट्ट को मारपीट कर जबरन घर से उठाया , फिर छोड़ा



