- अंडर-14 बालिका वर्ग में फाइनल में बेंगलुरु को 10-8 से हराया
- अंडर-17 बालक टीम रही उपविजेता
- अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। देहरादून संभाग की अंडर-14 बालिका हैंडबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय विद्यालय राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। बेंगलुरु में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में देहरादून संभाग ने मेजबान बेंगलुरु की टीम को 10-8 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, अंडर-17 बालक वर्ग में देहरादून संभाग की टीम को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा। इस वर्ग में बेंगलुरु ने चैंपियनशिप जीती।
अंडर-14 बालिका वर्ग में देहरादून संभाग की टीम ने प्रतियोगिता की शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। लीग मुकाबलों में टीम ने बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और मुंबई की टीमों को शिकस्त देकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले में देहरादून संभाग का सामना दिल्ली से हुआ। टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को 7-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला देहरादून संभाग और मेजबान बेंगलुरु के बीच खेला गया। स्थानीय टीम को उसके घरेलू मैदान पर कड़ी चुनौती देते हुए देहरादून संभाग की खिलाड़ियों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा। रोमांचक मुकाबले में देहरादून संभाग ने 10-8 से जीत दर्ज कर राष्ट्रीय खिताब पर कब्जा कर लिया।
फाइनल में दृष्टि चौधरी, मनस्वी ओली, परिधि और स्मेरा बलूनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड के लिए गोल किए। अंशिका, स्वातिका, विदिता, काव्या, आरुषि, इशिका, अमृता, प्रियांशी के सामूहिक प्रदर्शन और बेहतर रणनीति की बदौलत टीम खिताब जीतने में सफल रही।
टीम के कोच एवं शारीरिक शिक्षक उदय सिंह चौधरी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि पूरे टूर्नामेंट में टीम ने शानदार खेल भावना, अनुशासन और बेहतर तालमेल का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर खिताब के रूप में सामने आया है।



