मोदी-धामी के गुणगान के साथ बीबीसी की आलोचना का गवाह बना गैरसैंण

राज्यपाल के अभिभाषण पर जारी चर्चा का विरोध करते हुए कांग्रेस ने किया हंगामा, पीठ की ओर फेंके कागज के गोले

महिला मंगल दलों ने देखी सदन की कार्यवाही

कांग्रेस के विरोध की वजह से सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित की गई

अविकल थपलियाल

गैरसैंण। कांग्रेस का विरोध का राग और भाजपा का मोदी-धामी महिमा गान। गैरसैंण के सदन में बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री की भी निंदा। राज्यपाल के अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भराड़ीसैंण के विधानभवन का माहौल काफी बदला बदला नजर आया। कांग्रेस विधायकों ने राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में चर्चा से स्वंय को अलग रखा। हर जमकर नारेबाजी के साथ कागज के गोले उड़ाए।

भोजनावकाश के बाद भी कांग्रेस सदस्य कई मुद्दों को लेकर नारेबाजी और टेबल पीटते दिखे। कार्यसूची के गोले उड़ाकर स्पीकर / पीठ की ओर फेंके गए। मार्शल के हाथ इन गोलों व पन्नों को बीच में ही लपकते नजर आए। मार्शल व अन्य कर्मियों की पूरी कोशिश थी कि किसी भी तरह कागज के गोले स्पीकर के आसन तक नहीं पहुंचे।

राज्यपाल के अभिभाषण के बिंदुओं की तारीफ करते हुए भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने पीएम मोदी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किये गए कार्यों का पुलिंदा सदन के सामने रखा।

भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने यूएनओ ,संयुक्त राष्ट्रसंघ द्वारा मोदी को चैंपियन आफ द अर्थ घोषित करना। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस, वन अर्थ वन फैमिली वन फ्यूचर. समेत अन्य मुद्दों पर मोदी की राय को महत्व मिलना आदि कई मामलों का जिक्र कर भाजपा के बढ़ते ग्राफ को रेखांकित किया।

चौहान ने कहा कि बेरोजगारों को गुमराह करने का कार्य नहीं किया जाय। सरकार की सहानुभूति उनके साथ है। पेपर लीक करने वालों को जेल भेजा जा रहा है।

कमोबेश मुन्ना सिंह चौहान की लाइन पर ही अन्य भाजपा विधायक भी चले। नकल विरोधी कानून समेत अन्य फैसलों के जिक्र कर सीएम पुष्कर सिंह धामी की भी तारीफ की। आत्मनिर्भर भारत व आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड का जिक्र कर प्रदेश को जी 20 सम्मेलन के लिए चुनना भी डबल इंजन की सरकार की उपलब्धि के तौर पर पेश किया गया।

भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान

इस दौरान नारों के साथ विरोध कर रहे कांग्रेस विधायकों पर तंज कसते हुए भाजपा विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई काम नहीं रह गया है। भाजपा खेमे ने पीएम मोदी से सम्बंधित बीबीसी के वृत चित्र की भी आलोचना की।

राज्यपाल के अभिभाषण पर विधायक सरिता आर्य ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया। संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, प्रदीप बत्रा, मुन्ना सिंह चौहान, बंशीधर भगत, बृजभूषण गैरोला, विनोद कंडारी,आदेश चौहान, मोहन सिंह बिष्ट ने अभिभाषण में दर्ज विकास योजनाओं का विशेष तौर पर जिक्र किया।

भोजनावकाश के बाद लगभग 1 घण्टे तक अभिभाषण पर चर्चा व अन्य बिजनेस पूरा करने के बाद स्पीकर ऋतु खण्डूड़ी ने बुधवार सुबह 11 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। तब तक सदन के फर्श का एक हिस्सा के कार्यसूची के फाड़े गए पन्नों से पट चुका था…

महिला मंगल दल ने देखी सदन की कार्यवाही

भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में चल रहे विधानसभा सत्र के  दूसरे दिन गैरसैंण की महिला मंगल दल की महिलाओं  ने दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की कार्यवाही देखी।

     गैरसैंण की महिला मंगल दल की महिलाओं को आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही देखने का मौका दिया।  अपनी पारंपरिक वेशभूषा ने महिलाओं ने सदन की कार्रवाई देखी। सदन की कार्रवाई देखने के बाद सभी महिलाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला, सभी में लोकतंत्र के मंदिर को इतने पास से देखने एवं सदन के भीतर विधायकों द्वारा विभिन्न विषयों पर की जा रही चर्चा को लेकर उत्सुकता भी पैदा हुई।
संसदीय कार्यवाही देखने का मौका देने के लिए महिलाओं ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण का आभार व्यक्त किया।

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *