कपाट बंद होने के आखिरी दिन मिला केदारनाथ में गर्म पानी

डेढ़ करोड़ में लगाई गई गर्म पानी की यूनिट

भारत में पहली बार खच्चरों की लीद और पीरूल से तैयार किए जा रहे फायर पेलेट

अविकल थपलियाल

केदारनाथ। आखिरकार विश्व प्रसिद्ध हिंदुओं की आस्था के प्रतीक केदारनाथ धाम के कपाट बन्द होने के समय श्रद्धालुओं को गर्म पानी उपलब्ध करा ही दिया गया ।
जीएमवीएन गेस्ट हाउस के बाहर लगी गर्म पानी की यह यूनिट कपाट खुलने के आसपास लगनी थी। लेकिन कार्यदायी संस्था हाईफ़ीड छह महीने तक धाम तक उपकरण ले जाने में जूझती रही। और लगभग कपाट बंद होने के समय ही पीने का गर्म पानी मुहैया करा सकी।  हालांकि, संस्था ने जुलाई महीने में पीने का गर्म पानी उपलब्ध कराने की बात कही थी। लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण कार्य में काफी अड़चन आयी। इस प्रोजेक्ट की निगरानी सीएम कार्यालय से हो रही थी।

बीते महीनों में खच्चरों की लीद और पीरूल के मिश्रण से सोनप्रयाग में पेलेट निर्माण की इकाई स्थापित की थी।
हालांकि, यह इकाई अभी बड़े पैमाने पर उत्पादन करने में सक्षम नहीं है और लीद निस्तारण भी बड़े पैमाने में नही हो पा रहा है ।   सोनप्रयाग इकाई में निर्मित फायर पेलेट से केदारनाथ में श्रद्धालुओं के लिए स्थापित हॉट वॉटर जनरेटर के माध्यम से  निःशुल्क गर्म पानी उपलब्ध कराना शुरू हो गया है
ये बायोमास पेलेट कार्बन न्यूट्रल हैं, जो पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से एक बेहतर ईंधन विकल्प हैं।

पर्यटन सचिव धिराज गर्ब्याल ने बताया कि
इन पेलेट का उपयोग हॉट वॉटर बॉयलर के साथ-साथ ढाबों को उपलब्ध कराए जाने वाले फायर स्टोव में भी किया जाएगा  जो कि गैस और डीजल में बचत करेंगे।
इसके अलावा  उत्तराखंड में स्थापित उद्योगों की फर्नेस में भी इन पेलेट का उपयोग किया जाएगा।
इस इकाई को उत्तराखंड पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग, मुख्य पशु चिकित्सक अधिकारी रुद्रप्रयाग व वन विभाग के सहयोग से एनजीओ हाईफीड ने स्थापित किया है।
इस बाबत फरवरी 2026 में पर्यटन विभाग ने हाईफ़ीड के साथ एमओयू किया था।  काफी मशक्कत के बाद केदारनाथ कपाट बन्द होने के दिन गर्म पानी की यूनिट चालू हुई। संस्था की ओर से इस बाबत वीडियो व प्रेस नोट जारी किया गया।


अब शेष छह महीने केदारनाथ के जीएमवीएन गेस्ट हाउस के बाहर लगी गर्म पानी की यूनिट बर्फ में बन्द रहेगी। या फिर इस यूनिट को कहीं और उपयोग में लाया जाएगा। यह अभी साफ नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि पूर्व में इस यूनिट को पतंजलि के सहयोग से शुरू किया जाना था। लेकिन बाद में  पतंजलि के साथ करार रद्द कर दिया। इस मुद्दे पर पतंजलि ने कानूनी कार्रवाई की बात भी कही थी। यह मामला मीडिया में भी खूब उछला था।

इस देरी के लिए हाईफ़ीड के निदेशक ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते सोनप्रयाग में इकाई व केदारनाथ धाम में हाॅट वाटर जनरेटर स्थापित करने में काफी कठिनाई आयी । उन्होंने बताया शीघ्र लिंचोली और गौरीकुंड में भी हाॅट वाटर जनरेटर स्थापित किये जाएंगे।

फिलहाल, बड़ी तादाद में लीद और पीरूल का निस्तारण( पर्यावरण सुरक्षा) और केदारनाथ में — 6 ° में गर्म पानी और सर्दियों में सोनप्रयाग के आसपास के निवासियों को फायर पैलेट्स मुफ्त दिए जाएंगे।

बहरहाल, हुजूर आते आते बहुत देर कर दी,की तर्ज पर गर्म पानी की यूनिट तो स्थापित कर दी गयी। केदारनाथ कपाट बंद होने के दिन शुरू हुई गर्म पानी की यूनिट शेष छह महीने भारी बर्फबारी में सुरक्षित खड़ी रह पाएगी,इस पर संदेह बना हुआ है। हालांकि, श्रद्धालुओं को कपाट खुलने के समय से ही पीने के निशुल्क गर्म पानी का इंतजार था,जो काफी देर में खत्म हुआ।
बहरहाल, अब श्रद्धालुओं को पीने के गर्म पानी के लिए 2027 की मई का इंतजार करना होगा।

Pls clik

केदारनाथ में श्रद्धालुओं को गर्म पानी का इंतजार अभी बाकी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *