सिलेंडर संकट- 10-12 दिन पहले करें आवेदन
देहरादून में कालाबाजारी पर सख्ती, क्यूआरटी ने 4 घरेलू सिलेंडर किए जब्त
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून।।विवाह समारोहों में गैस सिलेंडर की बढ़ती मांग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। अब शादी-विवाह के लिए व्यावसायिक गैस सिलेंडर प्राप्त करने हेतु आवेदकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा, जिसमें शपथ पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य किए गए हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, उत्तराखण्ड शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों एवं पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि विवाह समारोह हेतु आवेदन प्राप्त होने पर संबंधित गैस एजेंसियों के माध्यम से अधिकतम दो व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवेदन के साथ ₹10 के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र, शादी का कार्ड और आधार कार्ड संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन जिला पूर्ति कार्यालय, देहरादून नगर क्षेत्र तथा समस्त तहसीलों के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/पूर्ति निरीक्षक कार्यालय में किया जा सकेगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि ये सिलेंडर अस्थायी रूप से दिए जाएंगे और उपयोग के बाद संबंधित गैस एजेंसी को शीघ्र वापस करना होगा। जनपद में अब तक 75 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कुल स्टॉक का 10 प्रतिशत व्यावसायिक सिलेंडर इस उद्देश्य के लिए सुरक्षित रखें। साथ ही छोटे दुकानदारों, विद्यार्थियों और श्रमिकों की सुविधा के लिए 5 किलोग्राम के गैस सिलेंडर की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। तेल कंपनियों को भी पर्याप्त मात्रा में व्यावसायिक एवं छोटे सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे विवाह समारोह से 10 से 12 दिन पूर्व आवेदन अवश्य करें, ताकि समय पर गैस एजेंसियों को निर्देश जारी किए जा सकें।
कालाबाजारी पर कार्रवाई जारी
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) द्वारा एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम देहरादून क्षेत्र के कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर गैस आपूर्ति से संबंधित 13 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

सोमवार को जिले में लगभग 13,388 उपभोक्ताओं को घरेलू तथा 807 उपभोक्ताओं को व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई है। वर्तमान में 16,767 घरेलू और 4,442 व्यावसायिक सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन द्वारा एलपीजी गैस की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Pls clik
गैस संकट- चारधाम यात्रा व पर्यटन सीजन के प्रभावित होने की आशंका
भूमि धोखाधडी मामलों पर प्रशासन ने कसा शिकंजा, एफआईआर दर्ज

