विज्ञान, नवाचार और तकनीक से रूबरू हुए युवा
वैज्ञानिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, स्टार्टअप्स और विद्यार्थियों को साझा मंच प्रदान कर रहा फेस्टिवल
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में गुरुवार को सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने विज्ञान और तकनीक को व्यावहारिक रूप से समझने और युवाओं को वैज्ञानिक सोच, नवाचार तथा तकनीकी विकास से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डॉ. पंकज कुमार पांडे ने कहा कि साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल जैसे आयोजन वैज्ञानिक संस्थानों, विभिन्न संगठनों और शिक्षण संस्थानों को एक साझा मंच प्रदान करते हैं, जहां वे अपनी गतिविधियों, उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों तथा युवाओं को विज्ञान, तकनीक, नवाचार और स्टार्टअप्स से रूबरू होने का अवसर मिलता है। साथ ही, विषय विशेषज्ञों के साथ संवाद और विचार-विमर्श के जरिए युवा अपने भविष्य के निर्माण की दिशा तय करने के लिए प्रेरित होते हैं।
बायोटेक्नोलॉजी कंसोर्टियम इंडिया लिमिटेड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. पूर्णिमा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड जैव विविधता से समृद्ध राज्य है और यहां बायोटेक्नोलॉजी के विकास की अपार संभावनाएं हैं। भारत सरकार की बायोटेक्नोलॉजी नीति में उत्तराखंड को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न संस्थानों को भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के साथ समन्वित रूप से जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि इस क्षेत्र की संभावनाओं का व्यापक स्तर पर उपयोग किया जा सके।
डीआईटी यूनिवर्सिटी के कुलपति जी.के. प्रभु ने विद्यार्थियों को सरल भाषा में नवाचार और आविष्कार के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि आविष्कार किसी नई वस्तु, विचार या तकनीक के निर्माण से जुड़ा है, जबकि नवाचार उस विचार या आविष्कार को उपयोगी बनाकर लोगों तक पहुंचाने और बाजार में उपलब्ध कराने की प्रक्रिया है। इससे पूर्व यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ दुर्गेश पंत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर सचिव पंकज कुमार पांडेय ने निर्माणाधीन साइंस सिटी का भी निरीक्षण किया।
फेस्टिवल में 60 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनमें ग्रामीण स्टार्टअप्स, यूकॉस्ट, एचटीपीआई, सिडकुल, पंतनगर विश्वविद्यालय, फिल्म विकास परिषद, नेशनल हाइड्रोग्राफर, एचडीआरएफ, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया, सगन पौधा केंद्र सहित विभिन्न संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल, तकनीकी नवाचार और प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त FDA की मोबाइल ऑन व्हील्स और टेलिस्कोप भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।
फेस्टिवल के पहले दिन साइंस पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, एरो मॉडलिंग वर्कशॉप, रोबोटिक्स वर्कशॉप तथा साइंस एंड टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। साइंस पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में तीन श्रेणियों के विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में कुल 39 विद्यार्थियों जी आर डी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ मनीष प्रतीक एवं नैनीताल बैंक के मुख्य प्रबंधक नौटियाल जी ने आकर्षक उपहार, पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसरो – आईआईआरएस के निदेशक डॉ आरपी सिंह ने स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों के सम्बंध में युवा छात्रों के साथ संवाद किया। रोबोटिक्स की कार्यशाला में पूर्व शिक्षा निदेशक आरपी गुप्ता ने छात्रों को आने वाले रोबोटिक युग के बारे में बताया और स्मार्टकिट्स के प्रशिक्षकों ने छात्रों को रोबोट बनाने का प्रशिक्षण दिया।
फेस्टिवल के दूसरे दिन साइंस क्विज, STEM वर्कशॉप, बायोटेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव, ग्रीन एनर्जी कॉन्क्लेव, मैजिक ऑफ मैथ, मॉडल रॉकेटरी वर्कशॉप तथा रूरल एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्टार्टअप कॉन्क्लेव सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




