खिलाड़ी 9 अक्टूबर तक करें आवेदन
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए सरकारी सेवा का रास्ता खुला, खेल निदेशालय ने जारी की विज्ञप्ति
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा का अवसर मिलेगा। इसके लिए खेल निदेशालय ने विज्ञप्ति जारी कर पात्र खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय सीमा में आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा के लिए आवेदन करने वाले खिलाड़ी का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना और निर्धारित मानकों के अनुसार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करना अनिवार्य है।
पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, अन्य शर्तों और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी खेल विभाग की वेबसाइट sports.uk.gov.in पर उपलब्ध है। खिलाड़ियों को आवेदन करने से पहले विज्ञप्ति में दी गई पात्रता और शर्तों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करने को कहा गया है।
रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को सम्मान देने के साथ उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी का पदक केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उन्हें बेहतर सुविधाएं और प्रतिभा निखारने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

देहरादून
संख्या 1322/आउट ऑफ टर्न पत्रा0/2026-27 दिनांक 24 सितम्बर, 2026
विज्ञप्ति
उत्तराखण्ड राज्य के अन्तर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सेवायेजन प्रदान किये जाने सम्बन्धी शासनादेश संख्या-728 दिनांक 14 सितम्बर, 2023, संशो०शा0सं0-825 दिनांक 01 नवम्बर, 2023, SOP संख्या 105 (A) दिनांक 30 जनवरी, 2024, शासनादेश संख्या- 983 दिनांक 11 जनवरी, 2024 एवं शासनादेश संख्या- 677 दिनांक 22 सितम्बर, 2026 में निहित प्राविधानों के अधीन उत्तराखण्ड राज्य के स्थायी निवासी खिलाड़ियों से विज्ञापन प्रकाशन की तिथि से आवेदन पत्र आमंत्रित किये जाते हैं, जिसकी अंतिम तिथि 09 अक्टूबर, 2026 (शुक्रवार) नियत की जाती है। विज्ञप्ति से सम्बन्धित सम्पूर्ण जानकारी / आवेदन पत्र खेल विभाग की वेबसाइट-https://sports.uk.gov.in पर उपलब्ध है।
उक्त विज्ञप्ति से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु कार्यालय ई-मेल आईडी directorsprts1@gmail.com या किसी भी कार्य दिवस पर प्रातः 10:00 से सायं 05:00 बजे तक कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
अपर निदेशक खेल /कृते निदेशक




