कहा, ट्रायल कोर्ट भी दबाव में थी,कोई वीआईपी नहीं
अंकिता के माता-पिता व दोस्त पर भी लगाए आरोप
4,085 पन्नों की चैट लेकर सामने आए पुलकित के पिता
दोस्त की भूमिका की जांच की मांग
अविकल उत्तराखण्ड
हरिद्वार। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में रविवार को नया विवाद सामने आया। मामले में दोषी ठहराए गए पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य चार साल बाद पहली बार मीडिया के सामने आए।
हरिद्वार प्रेस क्लब में वकील अनुज पुंडीर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने करीब 4,085 पन्नों की वॉट्सऐप चैट का हवाला दिया और अंकिता के दोस्त पुष्पदीप तथा उसके माता-पिता की भूमिका की जांच की मांग की।
विनोद आर्य ने एसआईटी की जांच और चीला नहर से अंकिता के शव की बरामदगी पर भी सवालिया निशान लगाए। इधऱ,विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने अंकिता के चरित्र हनन व माता-पिता पर लगाये आरोपों।की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए विनोद आर्य को ही कठघरे में खड़ा कर दिया।
विनोद आर्य ने पत्रकारों को चैट की हस्तलिखित प्रति दिखाते हुए दावा किया कि उसमें अंकिता ने पुलकित के खिलाफ कोई बात नहीं लिखी है। उन्होंने कहा कि अंकिता अपने घर और वनंत्रा रिसॉर्ट, दोनों जगह असुरक्षित महसूस करती थी। आर्य ने आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस और विशेष जांच दल (एसआईटी) को चैट के बारे में बताने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।
“हम चाहते हैं कि जिन लोगों ने बेटी अंकिता को प्रताड़ित किया, अपमानित किया और मजबूर किया, सरकार उन्हें भी जांच में शामिल करे और उनके खिलाफ कार्रवाई हो,” आर्य ने कहा। उन्होंने यह भी कहा कि अंकिता के दोस्त और उसके माता-पिता की भूमिका की जांच की जानी चाहिए।
आर्य ने मामले में किसी वीआईपी की भूमिका से इनकार किया। उनका दावा था कि पूरी चैट में वीआईपी का कहीं उल्लेख नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है और कहा कि उनका मकसद केवल पूरी सच्चाई सामने लाना है।
आर्य के वकील अनुज पुंडीर ने एसआईटी की जांच पर सवाल उठाए।
पुंडीर ने कहा कि चैट में 11 सितंबर को अंकिता की ओर से एक वीडियो भेजने का उल्लेख है, जिसमें कथित तौर पर उसने नहर में जाकर आत्महत्या करने की बात कही थी। वकील के मुताबिक, अंकिता पहले पुष्पदीप से शादी करने और कटरा में कमरा लेकर रहने की बात भी कर चुकी थी। उन्होंने इन बातचीत को वीआईपी से जोड़ने के बजाय पुष्पदीप पर दबाव बनाने के संदर्भ में देखने की दलील दी।

हालांकि, इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने चैट के एक हिस्से को हत्या के मकसद से जुड़ा अहम साक्ष्य माना था। 30 मई 2025 के फैसले के पृष्ठ 78 से 80 के अनुसार, 17 सितंबर 2022 को अंकिता ने पुष्पदीप को बताया था कि अंकित गुप्ता ने उससे कहा है कि 19 सितंबर को एक वीआईपी मेहमान आने वाला है। संदेश के मुताबिक, मेहमान को “एक्स्ट्रा सर्विस” चाहिए थी और इसके लिए 10 हजार रुपये तक दिए जा सकते थे।
मुकदमे के दौरान बचाव पक्ष ने अदालत में तर्क दिया था कि अंकिता ने पुष्पदीप पर दबाव बनाने के लिए ऐसी बातें लिखी थीं। अदालत ने यह दलील स्वीकार नहीं की। फैसले में अदालत ने माना कि अंकिता पर अनैतिक काम के लिए दबाव बनाया जा रहा था और वह इसका विरोध कर रही थी। अदालत ने इसे हत्या का मकसद माना था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुंडीर ने आरोप लगाया कि मामले के पहले दिन से ही उत्तराखंड में ऐसा माहौल बनाया गया, जिसके दबाव में सरकारों ने काम किया। उन्होंने दावा किया कि इस दबाव का असर ट्रायल कोर्ट के फैसले पर भी पड़ा। पुंडीर ने यह भी कहा कि सुनवाई के दौरान उन्होंने एसआईटी की जांच में कई खामियां उठाई थीं।
रविवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस में रखे गए दावों और अदालत के निष्कर्षों के बीच मतभेद स्पष्ट है। भाजपा नेता विनोद आर्य और उनके वकील ने चैट की अपनी व्याख्या पेश की, जबकि ट्रायल कोर्ट ने उसी संवाद के एक हिस्से को अपराध के मकसद से जुड़ा माना था। अदालत की टिप्पणी और बचाव पक्ष के दावे अलग-अलग संदर्भों में हैं; आर्य की मांग है कि चैट और अन्य लोगों की भूमिका की नए सिरे से जांच हो।
अंकिता मामले में पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और वकील पुंडीर ने SIT जांच पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, रिसॉर्ट में अनैतिक गतिविधियों के गवाह नहीं मिले, VIP एंगल केवल चैट पर आधारित था, CBI जांच हो। उन्होंने 24 सितंबर 2022 को शव मिलने पर सवाल उठाया। कोर्ट ने कहा, AIIMS के डॉक्टरों ने चोटों के निशान पाए, जो हादसा या आत्महत्या नहीं थे। CCTV से पुष्टि हुई कि अंकिता 18 सितंबर को पुलकित के साथ गई, लौटी नहीं। 30 मई 2025 को तीनों को उम्रकैद हुई। संगठनों ने 4085 पेज की चैट जारी करने को चरित्र हनन बताया।
सोशल मीडिया में कड़ा विरोध शुरू






