दिल्ली में केसी वेणुगोपाल से मिले हरीश रावत
कांग्रेस में सामूहिक चुनाव अभियान पर जोर
अविकल थपलियाल
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनाव अभियान को सामूहिक नेतृत्व में आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से मुलाकात कर प्रदेश में चल रहे चुनावी अभियानों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा की।
वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड के सभी नेताओं के साथ मिलकर कांग्रेस के चुनाव अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। अभियान कांग्रेस के बैनर तले पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का एकमात्र लक्ष्य उत्तराखंड में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी व्यक्तिगत स्तर पर चलाए जाने वाले चुनाव अभियानों को स्वीकार नहीं करेगी। चुनाव से जुड़े कार्यक्रम पार्टी संगठन की योजना के अनुसार सामूहिक रूप से आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी की जीत के लिए काम करने पर जोर दिया गया है।
वेणुगोपाल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस संगठन की ऊर्जा और मेहनत के दम पर पार्टी उत्तराखंड में जीत हासिल करेगी। हरीश रावत से उनकी मुलाकात को आगामी चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय बढ़ाकर चुनावी अभियान को एकजुट स्वरूप देने की कोशिश में जुटा है।
इस बीच, हाईकमान की सलाह पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने अपने शेष नौ जनसंवाद कार्यक्रम स्थगित कर दिए।
हाल ही में हरदा की जसपुर से हल्द्वानी तक।जनसंवाद यात्रा को लेकर केंद्रीय नेतृत्व ने भृकुटि तान दी थी। प्रभारी सैलजा ने पत्र जारी कर जनसंवाद यात्रा रोकने को कहा था। इसके बाद कांग्रेस की गुटीय राजनीति तेज हो गयी थी। पार्टी के एक गुट ने अप्रत्यक्ष तौर पर प्रभारी सैलजा को हटाने की मुहिम चला दी।




