पत्नी की गोली मारकर हत्या, वारदात के बाद पति फरार

क्लेमेनटाउन में महिला की हत्या से सनसनी

पति की तलाश में पुलिस की कई टीमें

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद मृतका का पति फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार ने फोन कर सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ मिला।

इसके बाद पुलिस टीम ने कॉल की लोकेशन के आधार पर संबंधित स्थान पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। एक प्लॉट के अंदर बने कमरे की तलाशी लेने पर वहां काजल (26) पत्नी धीरज पंवार निवासी ईदगाह रोड, सुभाष नगर, सत्य साईं मंदिर के पास, क्लेमेनटाउन का शव मिला। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होना सामने आया।

पुलिस के मुताबिक काजल अपने पति धीरज पंवार पुत्र सुशील पंवार निवासी ग्राम मेघा शकरपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर के साथ उक्त स्थान पर रह रही थी। मकान के बगल में मृतका का भाई अभिषेक भी रहता था। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिनों से उसकी बहन और जीजा के बीच विवाद चल रहा था।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *