प्लेसमेंट एवं डिजिटल पेमेंट पर कार्यशाला आयोजित

नई टिहरी। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में 16 सितंबर को कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम के अंतर्गत एसबीआई पेमेंट्स एवं औद्योगिक कंपनी हिताची के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं हेतु प्लेसमेंट एवं करियर अवसरों से संबंधित कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के विभिन्न अवसरों, प्लेसमेंट प्रक्रिया, साक्षात्कार की तैयारी तथा बदलती तकनीक के अनुरूप आवश्यक कौशलों से परिचित कराना था।

कार्यशाला में SBI Payments एवं Hitachi के अधिकारी प्रदीप प्रजापति ने विद्यार्थियों को डिजिटल भुगतान एवं बदलती तकनीकियों के महत्व के बारे में जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि पहले दैनिक जीवन में वस्तुओं की खरीदारी के लिए मुख्य रूप से नकद भुगतान किया जाता था, जबकि आधुनिक जीवन में तकनीकी विकास के साथ डिजिटल भुगतान के प्रचलन ने लेन-देन को अधिक सुविधाजनक और तेज बनाया है। डिजिटल पेमेंट ने समय, कागज तथा सहित कई अनावश्यक प्रक्रियाओं की बचत की है और लोगों को अधिक स्मार्ट एवं तकनीक-सक्षम बनाया है। इस परिवर्तन में UPI (Unified Payments Interface) की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

इस अवसर पर SBI शाखा टिहरी के अधिकारी योगेश्वर चौहान ने विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में करियर की संभावनाओं तथा IBPS, SBI और RBI जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बैंकिंग सेवा में उपलब्ध विभिन्न पदों, आवश्यक योग्यताओं तथा बैंक कर्मचारियों को मिलने वाले विभिन्न भत्तों एवं सुविधाओं के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम की प्रभारी प्राचार्य डॉ. शनोवर ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि महाविद्यालय में इस प्रकार की प्लेसमेंट गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित होती रहनी चाहिए, जिससे विद्यार्थियों को रोजगार एवं करियर के नए-नए अवसर प्राप्त हो सकें।
कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा प्लेसमेंट हेतु साक्षात्कार दिए और अपनी योग्यता एवं दावेदारी प्रस्तुत की। विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को साक्षात्कार प्रक्रिया, संचार कौशल, आत्मविश्वास एवं रोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशलों के संबंध में भी मार्गदर्शन किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ. संगीता बिजलवान जोशी एवं डॉ. मीनाक्षी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. ईरा सिंह, डॉ. मीना एवं डॉ. ममता तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों में श्री सुरवीर सिंह, मनीषा, दीपक, पंकज एवं हितेश उपस्थित रहे।
महाविद्यालय की ओर से SBI Payments एवं Hitachi के अधिकारियों का विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण करियर एवं रोजगार संबंधी जानकारी प्रदान करने तथा प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने हेतु आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *