युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

बाल अधिकारों, साइबर सुरक्षा और नशे से बचाव की दी जानकारी

जागरूकता रैली निकाली

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के DAWN अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से शनिवार को मौलाना अबुल कलाम आजाद पब्लिक स्कूल, बड़ा भारूवाला, क्लेमेंट टाउन में नशे के विरुद्ध जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 275 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों पर आयोजित यह अभियान 14 से 27 नवंबर तक संचालित किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य शहजाद अली ने सचिव का स्वागत किया। शिविर में सीमा डुंगराकोटी ने बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान और साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या परेशानी की स्थिति में बच्चों को चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित हेल्पलाइन और शिकायत तंत्र की मदद लेनी चाहिए। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी।

प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल ने बच्चों को नशे के दुरुपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने नशे से दूर रहने और शिविर में दी गई जानकारी को अपने व्यवहार में शामिल करने की अपील की। उन्होंने नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर नशे के विरुद्ध विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। सचिव ने विद्यालय को मेडिकल किट भी भेंट की।

कार्यक्रम स्थल पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्प डेस्क लगाई गई, जहां छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याएं साझा कीं और प्राविधिक कार्यकर्ताओं से जानकारी प्राप्त की।

शिविर के बाद नशे के विरुद्ध जागरूकता रैली निकाली गई। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। छात्र-छात्राओं ने आसपास के क्षेत्र में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार जताया। कार्यक्रम में प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल, साजिदा और अंजना रंसवाल ने सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *