कोटद्वार के बस अड्डे पर नहीं हैं बुनियादी सुविधाएं

बस की प्रतीक्षा में घंटों खड़े रहते हैं यात्री

अविकल उत्तराखंड

कोटद्वार। गढ़वाल का प्रवेश द्वार और कण्वनगरी के रूप में प्रसिद्ध कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र होने के बावजूद यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है।

देश के विभिन्न हिस्सों के लिए बस और रेल सेवाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण शहर के बस अड्डे की स्थिति प्रशासनिक उदासीनता की कहानी बयां करती है।

बस अड्डे पर यात्रियों के बैठने या खड़े होने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। यहां न तो शेड उपलब्ध हैं, न बैठने के लिए कुर्सियां और न ही धूप से बचाव के लिए पर्याप्त छायादार स्थान। ऐसे में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे बसों की प्रतीक्षा में लंबे समय तक खड़े रहने को मजबूर हैं।
फुटपाथों पर खोखे और ठेले संचालकों का कब्जा होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। आरोप है कि जहां थोड़ी-बहुत खाली जगह होती है, वहां भी कुछ लोग पानी डालकर उसे गीला कर देते हैं ताकि यात्री वहां बैठ न सकें।

कई दुकानदार फुटपाथ पर कुर्सियां लगाकर बैठ जाते हैं, जिससे आम लोगों के लिए जगह और कम हो जाती है।
सामाजिक कार्यकर्ता राजेश थपलियाल ने नगर निगम प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक से यात्रियों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बस अड्डे पर शेड, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और शहर की छवि भी बेहतर हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *