पीएम आवास पर राहुल गांधी का धरना शर्मनाक-भाजपा
सुरक्षा प्रोटोकॉल से समझौता नहीं हो सकता : महेंद्र भट्ट
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने बुधवार को कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन की ओर मार्च कर कांग्रेस की राजनीति को लोकतंत्र विरोधी करार दिया।
इस दौरान आमने सामने आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा जे खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस बल की मौजूदगी के बीच काफी देर तक शक्ति।प्रदर्शन चलता रहा।

प्रदर्शन के दौरान महेंद्र भट्ट ने कहा कि संसद का सत्र चलने के दौरान जनता के मुद्दों पर चर्चा का सबसे उपयुक्त मंच संसद है, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस संसद में चर्चा करने के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों और युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा संपन्न हो चुकी है और सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, इसके बावजूद कांग्रेस देश में भ्रम और अविश्वास का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देकर राहुल गांधी ने लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है।
नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी बात संसद के भीतर रखनी चाहिए, न कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करना चाहिए।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार नीट के मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार थी और मंत्रियों की ओर से राहुल गांधी को बातचीत का प्रस्ताव भी दिया गया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं का सम्मान करना भी उतना ही आवश्यक है। कांग्रेस द्वारा अपनाए गए रवैये के विरोध में भाजपा ने देशभर की राज्य राजधानियों में प्रदर्शन कर जनता के सामने उसका पक्ष रखने का निर्णय लिया है।

भाजपा का विरोध मार्च महानगर कार्यालय से शुरू होकर कांग्रेस भवन की ओर बढ़ा। पुलिस ने कनक चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहीं नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।
प्रदर्शन में खजान दास, कुंदन परिहार, विनोद चमोली, बृजभूषण गैरोला, सहदेव पुंडीर, सविता कपूर, ज्योति प्रसाद गैरोला, सुभाष बर्त्वाल, मधु भट्ट, सौरभ थपलियाल, आदित्य चौहान, नेहा जोशी, जगमोहन रावत, मनवीर चौहान, विपुल मंडोली, रुचि भट्ट और सिद्धार्थ अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



