बाल विज्ञान महोत्सव सीमांत जनपदों के स्टूडेंट्स के लिए बेहद महत्वपूर्ण- प्रो. दुर्गेश पंत

सीएम धामी करेंगे दूसरे सीमान्त पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ

9-10 अक्टूबर को गोपेश्वर में जुटेंगे बाल वैज्ञानिक

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् (यूकॉस्ट) गोपेश्वर में द्वितीय सीमान्त पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव काआयोजन करने जा रहा है। सीएम पुष्कर सिंह धामी अटल उत्कृष्ट 1008 गीतास्वामी राजकीय इण्टर काॅलेज, गोपेश्वर में बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। बाल विज्ञान महोत्सव 9 एवं 10 अक्टूबर को आयोजित होगा। गुरुवार को आहूत प्रेस वार्ता में यूकाॅस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि बीते साल से प्रदेश में सीमान्त पर्वतीय जनपदों के छात्र-छात्राओं में विज्ञान संचार के उदेश्य से सीमान्त पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं पोस्टर प्रतियोगिता (स्थानीय पारंपरिक ज्ञान प्रणाली), नाटक (पर्यावरण संरक्षण जागरूकता), विज्ञान प्रश्नोतरी प्रतियोगिता, कविता पाठन (हिन्दी एवं स्थानीय भाषा), कविता पाठन (अंग्रेजी) का आयोजन किया जाता है।

प्रतियोगिताओं का आयोजन पहले ब्लाॅक स्तर पर उसके पश्चात जनपद स्तर पर किया जाता है। जनपद स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं द्वारा राज्य स्तर पर प्रतिभाग किया जाता है। उन्होंने बताया कि बीते साल बाल विज्ञान महोत्सव चंपावत में आयोजित किया गया था। इस वर्ष द्वितीय सीमान्त पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का आयोजन 9 एवं 10 अक्टूबर, 2023 को अटल उत्कृष्ट  1008 गीतास्वामी राजकीय इण्टर काॅलेज, गोपेश्वर, चमोली में किया जा रहा है । इसमें राज्य के 6 सीमान्त जनपदों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चम्पावत और पिथौरागढ़ से आयोजित की जा रही 5 प्रतियोगिताओं में जनपद स्तर चयनित 240 छात्र-छात्राओं एवं 50 मार्गदर्शक शिक्षक हिस्सा लेंगे।

महोत्सव के उदघाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री डाॅ धनसिंह रावत, विधायक कर्णप्रयाग व बद्रीनाथ को आमंत्रित किया गया है। प्रो. पंत ने कहा कि यह कार्यक्रम सीमान्त जनपदों को विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक अभिनव प्रयोग है। प्रो.दुर्गेश पंत ने बताया कि महोत्सव में डा सी एम एल नौटियाल,पूर्व वैज्ञानिक, बीरबल साहनी पुराविज्ञान, लखनऊ द्वारा लोकप्रिय व्याख्यान एवं जी एस रौतेला, भूतपूर्व महानिदेशक एन.सी.एस.एम व सलाहकार साइंस सिटी, देहरादून द्वारा फन विद साइंस पर हेंडस आन किया जायेगा।

इसके अलावा महोत्सव में एनसीएसएम द्वारा लैब आन व्हील, विज्ञान प्रदर्शिनी, आकाश दर्शन आदि आकर्षण के केन्द्र होंगे। महोत्सव में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं द्वारा देश एवं प्रदेश के वरिष्ठ वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने का अवसर प्राप्त होगा। गौरतलब है कि बीते वर्ष प्रथम सीमान्त पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का राज्य स्तरीय आयोजन मुख्यमंत्री की उपस्थिति में जवाहर नवोदय विद्यालय, चम्पावत में किया गया था। जिसमें राज्य के 6सीमान्त जनपदों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चम्पावत और पिथौरागढ़ से आये लगभग 240 छात्र-छात्राओं, 50 मार्गदर्शक शिक्षकों एवं 50 से अधिक विभिन्न विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया था।

इस अवसर पर यूकाॅस्ट के संयुक्त निदेशक डा. डीपी उनियाल, प्रबन्धक जनसम्पर्क अमित पोखरियाल, डा. आशुतोष मिश्रा- समन्वयक बाल विज्ञान महोत्सव व जितेन्द्र कुमार उपस्थित रहे। 

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *