उत्तराखंड के विकास में भागीदारी के लिए एक गांव गोद लेने की अपील
अविकल उत्तराखंड
लखनऊ। अखिल भारतीय उत्तराखंड महासभा (रजि.) भारत के तत्वावधान में वृंदावन योजना सेक्टर-11 स्थित ज्ञान सरोवर विद्यालय में उत्तराखंड राज्य मंत्री एवं उत्तराखंड प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश भट्ट के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ की विभिन्न उत्तराखंड प्रवासी संस्थाओं के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय उत्तराखंड महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भवान सिंह रावत, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक असवाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हेमंत गढ़िया, पूरन बिष्ट, आरपी जुयाल, बीएस डोलिया, महावीर खंतवाल, उत्तराखंड महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत, महामंत्री भरत बिष्ट, संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, मंगल सिंह रावत, पर्वतीय महापरिषद के अध्यक्ष गणेश जोशी, महामंत्री महेंद्र सिंह रावत, केएन पाठक, आपसी गढ़वाली भाईचारा समिति के अध्यक्ष जेपी तिवारी सहित कई प्रवासी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

संगीता रावत, सुनंदा असवाल, बिमला बिष्ट, नीलम जुयाल और रेनू शर्मा समेत अन्य प्रवासी जनों ने ओम प्रकाश भट्ट का पुष्पगुच्छ और माला भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में प्रवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उत्तराखंड प्रवासी परिषद का मुख्य उद्देश्य देश-विदेश में रह रहे प्रवासियों को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़े रखना है। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंड के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।
उन्होंने प्रवासियों से प्रदेश के विकास के लिए एक-एक गांव गोद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव की जरूरतों के अनुसार सहयोग कर प्रवासी प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
भट्ट ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में रहने वाले उत्तराखंड के लोगों को अपनी मातृभूमि से निरंतर जुड़े रहना चाहिए। परिषद का प्रयास प्रवासियों को उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और विकास कार्यों से जोड़ना है।



