अविकल उत्तराखंड
हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और कथित मतदाता सूची संबंधी अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मामलों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिकोनिया चौराहे से विरोध मार्च निकाला। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बुद्ध पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन कर पुतला दहन किया।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि निर्वाचन आयोग देश की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है। उसकी कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट, पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष समीक्षा जरूरी है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद मताधिकार पर टिकी है। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए और मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों का पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए। कांग्रेस की मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाकर उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा कराई जाए।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटने से उसके मताधिकार पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए मतदाता सूची से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को तत्काल पद से हटाने, उनके कार्यकाल में लिए गए कथित एकतरफा निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा कराने, मतदाता सूची में हुए बदलावों की निष्पक्ष जांच तथा विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को उसके संवैधानिक मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, ललित जोशी, डॉ. केदार पलड़िया, राजेंद्र बिष्ट, पार्षद नीमा भट्ट, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, रत्ना श्रीवास्तव, कमला सनवाल, राधा आर्य, मंजू पांडे, प्रकाश पांडे, नरेश अग्रवाल, दयाल तिवारी, संजू पाना, हिमांशु जोशी, कानू बिष्ट, दीप पाठक, जगमोहन चिलवाल, जीवन कार्की, सतनाम सिंह, जाकिर हुसैन, पार्षद हेमंत शर्मा, पार्षद एडवोकेट धर्मवीर, प्रदीप नेगी, गिरीश पांडे, जगमोहन बगड़वाल, कैलाश शाह, त्रिलोक बनोली, गोविंद बगड़वाल, राजू सुयाल, कौशलेंद्र भट्ट, संजू उप्रेती, मोहम्मद इमरान, रिजवान हुसैन, हाजी इस्लामुद्दीन, मनोज भट्ट, हेम जोशी, प्रदीप बिष्ट, संदीप भैसोड़ा, देवेश तिवारी, देवेंद्र बिष्ट, एडवोकेट मनोज बिष्ट, मनोज खुल्बे, मन्नू गोस्वामी, बबलू बिष्ट, शंकर कोहली, चंदन भाकुनी, मो. जुबैर, अबरार सिद्दीकी, विक्की छिमवाल, विनय भट्ट, एडवोकेट मन्नू तुलेडा, एडवोकेट मनोहर सांगुरी, प्रदीप बिष्ट, मोहन चंद्र, रंजीत डसीला, योगेंद्र पाठक, मोहित दुर्गापाल, अभिनव मिश्रा, आकाश जंगपांगी, सुधांशु कुमार, कमल कुमार, जितेंद्र बिष्ट, मयंक, प्रकाश, सुनील कुमार, चंद्रशेखर आर्य, शाद अली और गौरव बलुटिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



