रुद्रपुर-पिथौरागढ़ कॉलेजों की मान्यता पर संशय- कांग्रेस

कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री से मांगा इस्तीफे की मांग

छात्रों का भविष्य दांव पर-कांग्रेस

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। मेडिकल काउंसलिंग शुरू होने के बावजूद रुद्रपुर और पिथौरागढ़ राजकीय मेडिकल कॉलेजों की राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) से मान्यता की स्थिति स्पष्ट न होने पर कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरा है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और कमजोर पैरवी के कारण हजारों छात्रों और उनके अभिभावकों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि एक ओर मेडिकल काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर दोनों मेडिकल कॉलेजों की मान्यता को लेकर स्थिति साफ नहीं है। ऐसे में छात्र यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि इन कॉलेजों को अपनी चॉइस लिस्ट में शामिल करें या नहीं। उन्होंने कहा कि यदि किसी छात्र ने कॉलेज का विकल्प चुना और बाद में मान्यता नहीं मिली तो उसका पूरा शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री पिछले कई महीनों से दोनों मेडिकल कॉलेजों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिना रहे थे, लेकिन जमीनी स्तर पर जरूरी तैयारियां पूरी नहीं की गईं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कॉलेजों में चिकित्सकों की कमी, बुनियादी ढांचे की खामियों और NMC के मानकों से जुड़ी तैयारियों पर भी सवाल उठाए।
डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार को छात्रों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मामले में तत्काल स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों की NMC मान्यता की वास्तविक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जब तक दोनों कॉलेजों को अंतिम मान्यता नहीं मिल जाती, तब तक काउंसलिंग में छात्रों के हितों की सुरक्षा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि किसी छात्र का साल बर्बाद न हो।

कांग्रेस प्रवक्ता ने स्वास्थ्य मंत्री की जवाबदेही तय करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि सरकार ने 24 घंटे के भीतर स्थिति स्पष्ट नहीं की तो कांग्रेस छात्रों के भविष्य के मुद्दे पर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित में सड़क से लेकर विधानसभा तक सरकार के खिलाफ संघर्ष किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *