महँगाई भत्ता 60 प्रतिशत करने पर कर्मचारियों में खुशी

संयुक्त कर्मचारी परिषद ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के कर्मचारियों एवं पेंशनरों के महँगाई भत्ते में 2 प्रतिशत वृद्धि किए जाने पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सरकार ने परिषद की मांग स्वीकार करते हुए महँगाई भत्ता बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि परिषद ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र भेजकर केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर राज्य कर्मियों को भी 2 प्रतिशत महँगाई भत्ता वृद्धि का लाभ दिए जाने की मांग की थी।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे ने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महँगाई के दौर में यह फैसला प्रदेश के हजारों कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
उन्होंने कहा कि परिषद लगातार कर्मचारियों के हितों को लेकर संघर्ष और प्रयास करती रही है। सरकार द्वारा कर्मचारियों की भावनाओं को समझते हुए लिया गया यह निर्णय स्वागत योग्य बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *