अब मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना
एकल महिलाओं को सम्मानजनक पहचान देने की पहल
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने निराश्रित महिलाओं के कल्याण और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में संचालित भरण-पोषण अनुदान योजना का नाम बदलकर मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।
इस संबंध में सचिव, उत्तराखंड शासन डॉ. श्रीधर बाबू अद्धांकी ने निदेशक, समाज कल्याण उत्तराखंड को पत्र भेजकर योजना का नाम संशोधित किए जाने की जानकारी दी है।
पत्र के अनुसार, निराश्रित विधवा भरण-पोषण अनुदान योजना तथा परित्यक्ता विवाहित महिलाओं और निराश्रित अविवाहित महिलाओं के लिए संचालित भरण-पोषण अनुदान योजना अब मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना के नाम से संचालित होगी।
राज्य सरकार के इस फैसले का उद्देश्य एकल महिलाओं को सम्मानजनक पहचान प्रदान करने के साथ उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। सरकार ने इसे एकल महिलाओं के सम्मान और आर्थिक संबल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।




