विधायक गैरोला ने चिकित्सा शिविर का उद्घाटन किया
नागराज मंदिर सौंदर्यीकरण का लोकार्पण
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय विकास कार्यों को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। बालावाला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ विधायक बृजभूषण गैरोला ने किया। वहीं, वार्ड संख्या 100 के रमोला मोहल्ले में विधायक निधि से ₹4.50 लाख की लागत से कराए गए नागराज मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
बालावाला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित ‘सेवा सप्ताह-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर’ में फिजिशियन, स्त्री रोग, हड्डी रोग, सर्जरी, नाक-कान-गला, दंत, बाल रोग और नेत्र रोग विशेषज्ञ मरीजों को निशुल्क परामर्श और जांच की सुविधा दे रहे हैं। शिविर में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, ईसीजी और रक्त जांच की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और जांच की सुविधा मिलती है।
कार्यक्रम में पार्षद प्रशांत खरोला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डोईवाला डॉ. प्रताप सिंह रावत, सीएमओ डॉ. बी. नेगी, डॉ. सोहन खंडूरी, डॉ. रचना बडोनी, डॉ. अमन, डॉ. विनय, डॉ. संजय तिवारी और डॉ. सलूजा समेत चिकित्सक व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इसके अलावा वार्ड संख्या 100 के रमोला मोहल्ले में नागराज मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया। विधायक निधि से कराए गए इस कार्य पर ₹4.50 लाख खर्च हुए हैं। सौंदर्यीकरण से मंदिर परिसर में धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
लोकार्पण कार्यक्रम में पार्षद स्वाति डोभाल, मंदिर समिति अध्यक्ष गौरव चंद रमोला, आचार्य देवेंद्र दत्त गैरोला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का विकास, स्थानीय संस्कृति का संरक्षण और जनसेवा प्राथमिकता में है।



