‘चुनावी लाभ के लिए महिलाओं को गुमराह कर रही सरकार’

सियासी जंग- दीदी-वैणी योजना पर कांग्रेस का हमला

प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को मिले 10-10 हजार रुपये

दिसंबर में ही जारी हो दूसरी किस्त

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भाजपा सरकार की दीदी-वैणी योजना को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है।
कांग्रेस ने योजना को चुनावी हथकंडा करार देते हुए आरोप लगाया कि पांच साल तक महिलाओं की आर्थिक परेशानियों की अनदेखी करने वाली सरकार को अब चुनाव नजदीक आते ही मातृशक्ति की याद आने लगी है।
कांग्रेस ने मांग की है कि योजना का लाभ चुनिंदा महिलाओं के बजाय प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को दिया जाए। साथ ही चुनाव के बाद प्रस्तावित 10 हजार रुपये की दूसरी किस्त भी दिसंबर में ही महिलाओं के खातों में हस्तांतरित की जाए।

मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने धामी सरकार पर निशाना साधा।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के नाम पर नकद धनराशि बांटने की घोषणा कर रही है। योजना के तहत चुनाव से पहले 10 हजार और चुनाव के बाद 10 हजार रुपये देने का ऐलान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता नहीं, बल्कि सत्ता बचाने की हताश कोशिश है।

गोदियाल ने ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने दीदी-वैणी योजना को चुनाव में गेम चेंजर बताया था। उन्होंने कहा कि जब सरकार का मंत्री ही किसी योजना को चुनाव का गेम चेंजर बता रहा है तो इससे सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट हो जाती है। सरकार का उद्देश्य महिला कल्याण से अधिक चुनावी लाभ हासिल करना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले एक साल से आशंका जता रही थी कि भाजपा चुनाव के ठीक पहले महिलाओं के खातों में नकद धनराशि डालने की योजना घोषित करेगी। अब सरकार की घोषणा और मंत्रियों के बयान से कांग्रेस की आशंका सही साबित होती दिख रही है। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना चाहती तो पांच साल तक हर महीने सम्मान राशि देने की व्यवस्था करती। महिलाओं को रोजगार, अधिकार और आर्थिक सुरक्षा देने के बजाय चुनाव के समय एकमुश्त सहायता की घोषणा की जा रही है।

43 लाख बालिग महिलाओं में से केवल 5.23 लाख का चयन क्यों?

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने योजना के लाभार्थियों की संख्या पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में लगभग 43 लाख 7 हजार बालिग महिलाएं हैं, जबकि सरकार ने योजना के लिए केवल 5 लाख 23 हजार महिलाओं का चयन किया है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार लगभग 19 लाख 7 हजार 974 महिलाओं के बैंक खाते हैं। ऐसे में बाकी महिलाओं को योजना से बाहर रखने का औचित्य क्या है?

रावत ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी योजना का लाभ कुछ चुनिंदा महिलाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। कांग्रेस मांग करती है कि सरकार दिसंबर में ही दूसरी किस्त के 10 हजार रुपये महिलाओं के खातों में डाले और लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को योजना में शामिल करे।

अंकिता हत्याकांड और महिला सुरक्षा पर भी भाजपा को घेरा

प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ दीदी-वैणी योजना के जरिए महिलाओं के प्रति प्रेम जता रही है, जबकि दूसरी तरफ भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें कई मामलों में दोषियों को बचाने का काम करती रही हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी का नाम उजागर करने के सवाल पर भी उन्होंने भाजपा को घेरा।

प्रीतम सिंह ने कहा कि चुनाव में हार की आशंका से भाजपा जनता की गाढ़ी कमाई से महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर रही है, जबकि महिलाओं के वास्तविक मुद्दों और सुरक्षा की अनदेखी की गई है।

प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल चुनावी घोषणाओं और एकमुश्त आर्थिक सहायता से सुनिश्चित नहीं हो सकता। इसके लिए स्थायी आर्थिक सुरक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बेरोजगार परिवारों को रोजगार से जोड़ने की ठोस व्यवस्था की जाएगी। साथ ही सभी महिलाओं को हर महीने महिला सम्मान राशि देने का प्रयास किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में राजेंद्र सिंह भंडारी, कर्नल राम रतन नेगी, पंखुड़ी पाठक और डॉ. प्रतिमा सिंह सहित कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *