युवाओं को मिलेगा ईवी और ऑटोमोबाइल क्षेत्र का आधुनिक प्रशिक्षण
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। राजकीय आईटीआई (युवक) निरंजनपुर में टीवीएस मोटर कंपनी द्वारा स्थापित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया। इस अवसर पर कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा टीवीएस मोटर कंपनी के बीच कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए गए।
एमओयू पर विभाग की ओर से निदेशक प्रशिक्षण एवं सेवायोजन संजय कुमार तथा टीवीएस मोटर कंपनी की ओर से ऑल इंडिया हेड प्रसाद कृष्णन ने हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन के साथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

टीवीएस मोटर कंपनी के सहयोग से स्थापित इस अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र में मैकेनिक मोटर व्हीकल, दोपहिया एवं तिपहिया वाहन अनुरक्षण तथा ऑटो बॉडी रिपेयर से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। कंपनी ने केंद्र को आधुनिक इलेक्ट्रिक वाहन, कट सेक्शन मॉडल, उपकरण, टूल्स, प्रशिक्षण सामग्री और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया है। साथ ही उन्नत कार्यशाला उपकरण और डायग्नोस्टिक मशीनें भी स्थापित की गई हैं।
केंद्र में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) तकनीक पर विशेष फोकस रखा गया है, जिससे प्रशिक्षार्थियों को तेजी से बढ़ते ईवी सेक्टर में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार किया जा सके। इसके अलावा आईटीआई के प्रशिक्षकों को भी ‘ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स’ कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को उद्योग की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राज्य में अब तक 24 आईटीआई में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने टीवीएस मोटर कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी।
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के सचिव एन. रविशंकर ने कहा कि टीवीएस समूह की यह पहल तकनीकी शिक्षा और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगी तथा युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
निदेशक प्रशिक्षण एवं सेवायोजन संजय कुमार ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों और टीवीएस मोटर कंपनी की टीम का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, आईटीआई के प्रधानाचार्यों, प्रशिक्षकों, प्रशिक्षार्थियों तथा टीवीएस मोटर कंपनी के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।



