सड़क हादसे में उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का निधन

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर खाई में गिरी कार

अविकल उत्तराखंड

ऋषिकेश। थाना मुनि की रेती क्षेत्र की शिवपुरी चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर सड़क दुर्घटना में दुखद निधन हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक ड्यूटी के बाद 22/23 जून की देर रात वह अपनी स्कॉर्पियो से चौकी की ओर जा रहे थे, तभी वाहन गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा।
मंगलवार की दोपहर त्रिवेणी घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उपनिरीक्षक विनोद शर्मा का अंतिम संस्कार किया गया।

रानीपोखरी निवासी विनोद शर्मा पूर्व सैनिक भी रहे थे तथा ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। अपने सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यवहार और कर्मठ कार्यशैली के कारण वह पुलिस विभाग और आम जनता में बेहद लोकप्रिय थे।
मंगलवार को ड्यूटी के दौरान हुए आकस्मिक निधन से उत्तराखंड पुलिसमें शोक की लहर है।

2 अगस्त 1978 को जन्मे विनोद कुमार शर्मा ने भारतीय सेना में गौरवपूर्ण सेवाएं देने के बाद वर्ष 2016 में उत्तराखंड पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर नियुक्ति प्राप्त की थी। सेना और पुलिस दोनों सेवाओं में उन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन तथा ईमानदारी से अलग पहचान बनाई। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2023 में सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया था।

वर्ष 2017 से लगातार टिहरी गढ़वाल में तैनात रहे विनोद कुमार शर्मा ने जनसेवा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस दायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके सरल स्वभाव, सहयोगी व्यवहार और कार्य के प्रति समर्पण के कारण वे सहकर्मियों और आम नागरिकों के बीच समान रूप से लोकप्रिय थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे सहित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत उपनिरीक्षक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। पुलिस परिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *