धर्मपुर सीट पर ज्योति रौतेला की प्रबल दावेदारी
दिनेश अग्रवाल कर सकते हैं घर वापसी ?
महिला नेतृत्व और बूथ मैनेजमेंट पर फोकस, 2027 की तैयारी में जुटी कांग्रेस
अविकल थपलियाल
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर होने वाली महाभारत की आहट अब साफ सुनाई देने लगी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने जहां अंदरखाने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं, वहीं कांग्रेस में महिला नेतृत्व को आगे रखकर संगठन को नई धार देने की रणनीति पर तेजी से काम होता दिखाई दे रहा है।
इसी कड़ी में उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला की कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से नई दिल्ली में हुई मुलाकात को महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी के आवास पर हुई इस मुलाकात में उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती, महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
ज्योति रौतेला ने प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बने माहौल, स्थानीय मुद्दों और महिला मतदाताओं की अपेक्षाओं को शीर्ष नेतृत्व के सामने रखा।
बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, महिला कांग्रेस को ज्यादा सक्रिय भूमिका देने और युवा कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में प्रमुखता से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
राजनीतिक विश्लेषक इसे कांग्रेस की उस रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं, जिसमें पार्टी उत्तराखंड में महिला और युवा चेहरों के सहारे नए राजनीतिक समीकरण बनाने की कोशिश में है।
मुलाकात के दौरान ज्योति रौतेला ने प्रियंका गांधी को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया। इस पर प्रियंका गांधी ने सकारात्मक संकेत देते हुए निकट भविष्य में उत्तराखंड दौरे की इच्छा जताई।
माना जा रहा है कि यदि प्रियंका गांधी का उत्तराखंड दौरा तय होता है तो कांग्रेस चुनावी माहौल को धार देने के लिए बड़े जनसंपर्क अभियान और महिला सम्मेलन आयोजित कर सकती है।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को केवल शिष्टाचार भेंट नहीं, बल्कि चुनावी रणनीति की शुरुआती बिसात के रूप में देखा जा रहा है। मुलाकात के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और पार्टी संगठन भी आगामी चुनाव को लेकर ज्यादा सक्रिय नजर आने लगा है।
धर्मपुर सीट पर घमासान तेज
गौरतलब है कि ज्योति रौतेला दून जिले की धर्मपुर सीट से पार्टी टिकट की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। जबकि पूर्व सीएम हरीश रावत भी अपने पुत्र आनंद रावत के लिए धर्मपुर सीट से ही संभावना तलाश रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल के भी घर वापसी की चर्चाएं आम हैं। दिनेश अग्रवाल भी कांग्रेस के टिकट पर धर्मपुर सीट से चुनाव जीत चुके हैं।
दिनेश अग्रवाल- कांग्रेस में वापसी की चर्चा !

मौजूदा समय में भाजपा से विनोद चमोली धर्मपुर सीट से विधायक हैं। कुल मिलाकर ज्योति रौतेला ने भाजपा के विरोध में प्रदर्शन कर अपना दावा मजबूत किया है।
कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत का प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला को पूर्ण समर्थन बताया जा रहा है। ऐसे में धर्मपुर सीट पर कांग्रेस का टिकट लेने को महाभारत छिड़ने के पूरे आसार हैं।



