राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ
बड़कोट और चिन्यालीसौड़ के राजकीय महाविद्यालय होंगे उच्चीकृत, मिनी स्टेडियम व सड़क निर्माण की घोषणा
अविकल उत्तराखंड
बर्नीगाड़ (उत्तरकाशी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित बर्नीगाड़ में लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
इनमें 30 विकास कार्यों का शिलान्यास और आठ कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करने के साथ ही महाविद्यालय के स्थायी भवन, मिनी स्टेडियम और मोटर मार्ग निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बड़कोट और चिन्यालीसौड़ के राजकीय महाविद्यालयों को उच्चीकृत करने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए। अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी भी ली।

महाविद्यालय, मिनी स्टेडियम और सड़क निर्माण की घोषणा
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग के निर्माण की घोषणा भी की। इसके साथ ही डाडा गांव छानी से टटाऊ तक प्रस्तावित पुल एवं सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन एवं परिसर के निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
194 करोड़ से अधिक के 30 कार्यों का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें लोक निर्माण विभाग पुरोला के पांच कार्यों पर छह करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के चार कार्यों पर 6.61 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) खंड पुरोला के 18 कार्यों पर 176.87 करोड़ रुपये तथा सिंचाई खंड पुरोला के तीन कार्यों पर 5.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के आठ विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें लोक निर्माण विभाग बड़कोट का 97 लाख रुपये का एक कार्य, समग्र शिक्षा के 1.25 करोड़ रुपये के तीन कार्य, माध्यमिक शिक्षा का 1.36 करोड़ रुपये का एक कार्य तथा पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के 18.76 करोड़ रुपये के तीन कार्य शामिल हैं।
इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, सिंचाई, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्नीगाड़ में बड़ी संख्या में मौजूद मातृशक्ति, युवाओं और क्षेत्रवासियों का स्नेह एवं उत्साह उनके लिए प्रेरणादायी है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क, पर्यटन, शिक्षा और अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए काम किया जा रहा है। गरीबों, किसानों, युवाओं, सैनिकों और महिलाओं के सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आर्थिकी मजबूत कर रही हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलें भी इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।
चारधाम यात्रा और भर्ती प्रक्रियाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। राज्य में सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। उनके अनुसार, अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क तथा रोजगार की सुविधाएं मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि राजकीय महाविद्यालय के शुभारंभ और विभिन्न विकास योजनाओं से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




