अविकल उत्तराखंड
हल्द्वानी। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर जिला-महानगर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता की।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार साल बीतने के बावजूद परिवार और प्रदेश की जनता के कई सवालों के जवाब अब तक नहीं मिले हैं। सरकार को इन सवालों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
सुमित हृदयेश ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी। रिसॉर्ट पर बुलडोजर किसके आदेश पर चलाया गया, साक्ष्यों को लेकर उठी आशंकाओं पर अब तक स्पष्ट जवाब क्यों नहीं मिला और सदन में जिस कथित वीआईपी का उल्लेख हुआ था, वह कौन था, यह जनता के सामने स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कहीं लापरवाही या साक्ष्यों से छेड़छाड़ हुई है तो उसकी जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस मामले को उग्र बनाने के बजाय पारदर्शी, निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रही है। चार साल बाद भी परिवार और प्रदेश की जनता के मन में उठ रहे सवालों का जवाब नहीं मिलना गंभीर विषय है।
महिलाओं के खिलाफ अपराध पर जताई चिंता
विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर गंभीर चिंता पैदा करते हैं। हिमालयी राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में उत्तराखंड की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए सरकार को ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
स्थानीय मुद्दों पर भी सरकार को घेरा
सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी और नैनीताल जिले से जुड़े सड़क, यातायात, स्वास्थ्य, रोजगार, शिक्षा, पेयजल और नगर की आधारभूत सुविधाओं के मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर सरकार को ठोस कार्ययोजना के साथ जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। कांग्रेस जनहित के मुद्दों को सदन से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी।
महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार को गंभीरता से काम करने की जरूरत है। जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण समेत जनहित के सभी महत्वपूर्ण सवालों पर सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा।
प्रेसवार्ता में हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, किरण माहरा, जाकिर हुसैन, भागीरथी बिष्ट, मधु सांगुड़ी, हिमांशु जोशी, कानू बिष्ट, नरेश अग्रवाल, गुरप्रीत सिंह, सुहैल सिद्दीकी, गिरीश पांडे, जगमोहन चिलवाल, दीप चंद्र पाठक, दिवेश तिवारी समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



