वनन्तरा रिसॉर्ट के समीप कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
अंकिता भंडारी हत्याकांड
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा है कि चार साल बीत गए लेकिन उस दुर्भाग्यपूर्ण क्षण के बाद आज तक उस अंकिता भंडारी को चार साल बाद भी न्याय नहीं मिल पाया है।

उन्होंने कहा कि अंकिता के माता पिता जगह जगह भटक रहे है और सरकार लगातार सबूतों को नष्ट करने के लिए अब तक अपने नेता को बचाने में लगी हुई है।
यहां भोगपुर तल्ला में वन्तरा रिजॉर्ट के पास कांग्रेसियों ने राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर अंकिता भंडारी के चित्र पर पुष्पांजलि करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कांग्रेसियों ने सीबीआई जांच की धीमी गति के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी के माता पिता के द्वारा जो लोग नामजद है उनके खिलाफ कार्रवाई व एफआईआर न होना यह चौकानें वाली बात है। गोदियाल ने कहा है कि अंकिता के माता पिता की अप्लीकेशन पर एफआईआर दर्ज न होना और एक अन्य व्यक्ति द्वारा अप्लीकेशन देना और उस पर एफआईआर दर्ज होना और सीबीआई का इस केस को हाथ में लेकर चुप हो जाना यह इस बात को इंगित करता है कि दाल में भयंकर काला है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता से निवेदन किया है कि आज जहां पर उसकी हत्या हुई वहां पर श्रद्धांजलि सभा कर रहे है और सरकार को याद दिलाए। संकल्प लेते हुए कहा कि जब भी सत्ता के सूत्र कांग्रेस के हाथ में होंगे तो उन सभी लोगों को जिन्होंने केस को डायवर्ट करने, सबूतों को मिटाने अधिकारी व नेताओं का काम किया है और आरोपी कानून के शिकंजे से नहीं बचेंगे।
उन्होंने कहा कि चाहे वह कितना बड़ा नेता हो या कितना बड़ा अधिकारी हो कानून के शिकंजें से नहीं बचेंगे।

उन्होंने कहा कि बेटी ने अपने मित्र को बातें बताई और किसी वीआईपी को स्पेशल सर्विस देने की बात की जा रही है और हो सकता है कि उसकी हत्या की जा सकती है। सबूत मिटाए गए है और पुलिस अधिकारियों ने सबूतों को मिटाने में सरकार की सहायता की। इस अवसर पर अनेक कांग्रेस जन उपस्थित रहे।



