अविकल उत्तराखंड
देहरादून/पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य के रूप में नियुक्त राजेश सिंह राजा कोली ने विधिवत रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया।
उनके इस दायित्व ग्रहण को समाज के वंचित वर्गों की आवाज़ को और सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर कोली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शीर्ष नेतृत्व एवं सभी शुभचिंतकों का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि एक साधारण एवं गरीब दलित परिवार से निकलकर इस मुकाम तक पहुँचना उनके लिए अत्यंत गर्व का विषय है।
उन्होंने अपने संबोधन में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, समानता और न्याय की प्रेरणा देता है। “सबको समान अधिकार और सम्मान” का उनका सपना आज भी हमारे कार्यों की दिशा तय करता है, और उसी मार्ग पर चलना मेरा संकल्प है।
कोली ने स्पष्ट किया कि उनका प्रमुख उद्देश्य अनुसूचित जाति समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है, विशेषकर दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में।
उन्होंने कहा कि वे हर पीड़ित, शोषित और जरूरतमंद व्यक्ति के साथ खड़े रहेंगे तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।

