26 सितंबर तक चलेगा संस्कृत मास
राजदूतों से मुलाकात और संस्कृत संस्थानों के भ्रमण की राज्यपाल को दी जानकारी
देहरादून। संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार ने संस्कृत सप्ताह शुरू होने से पहले राज्यपाल से मुलाकात कर विभाग की गतिविधियों और संस्कृत के प्रचार-प्रसार को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। सचिव ने हाल के सप्ताहों में इंडोनेशिया, नेपाल और थाइलैंड के राजदूतों से हुई मुलाकातों के अलावा पुणे और मुंबई के प्रतिष्ठित संस्कृत संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों के भ्रमण के बारे में भी बताया।
सचिव ने इन मुलाकातों और भ्रमण के दौरान संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में सामने आए अनुभवों एवं संभावनाओं की जानकारी राज्यपाल के साथ साझा की। राज्यपाल ने सचिव के प्रयासों की सराहना करते हुए संस्कृत विश्वविद्यालय को इन मुलाकातों और भ्रमण से जुड़े विषयों पर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
25 से 31 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह
उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा विभाग की ओर से उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, संस्कृत विश्वविद्यालय और निदेशालय के माध्यम से 25 से 31 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह मनाया जा रहा है। विश्व संस्कृत दिवस के अवसर पर आयोजित इस सप्ताह में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों व आमजन में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस वर्ष उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् की ओर से संस्कृत मास भी मनाया जा रहा है। यह आयोजन श्रावण पूर्णिमा यानी रक्षाबंधन से शुरू होकर भाद्रपद पूर्णिमा, 26 सितंबर तक चलेगा। संस्कृत मास के दौरान भी संस्कृत भाषा, साहित्य और संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



