स्थानीय ATM से निकाले 20 हजार
पिता ने दर्ज कराया मुकदमा
अविकल उत्तराखंड
फरीदाबाद /देहरादून। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सेक्टर-3 स्थित एचबीसी कॉलोनी से एक 18 वर्षीय युवती के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन दिन पूर्व लापता लड़की की लोकेशन ऋषिकेश के आस पास मिली। लड़की ने ATM से 20 हजार रुपए भी निकाले। इसके बाद से लड़की का मोबाइल बन्द हो गया। लापता लड़की अपने साथ क्रेडिट कार्ड भी ले गयी।

यह एफआईआर 11 सितंबर 2026 को सेक्टर-8 थाना में दर्ज की गई है। एफआईआर नंबर 0346 के अनुसार शिकायतकर्ता मोहन सिंह पुत्र स्व. रघुवंश सिंह, निवासी मकान नंबर 5836ए, एचबीसी कॉलोनी, सेक्टर-3, बल्लभगढ़ ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया, “मैं प्राइवेट नौकरी करता हूँ। मेरे तीन बच्चे हैं।
पीड़ित पिता के अनुसार, “मेरी दूसरे नंबर की लड़की रिया जो 18 साल की है, वह 11 सितंबर की रात करीब 12.30 बजे बिना बताए घर से चली गई। जो अभी तक वापस नहीं आई है।”
परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारी और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं लगा।
शिकायत में युवती का हुलिया भी बताया गया है। पिता ने कहा, “मेरी लड़की का रंग गोरा है, मजबूत जिस्म, कद करीब 5 फुट 4 इंच है। जाते समय उसने काले रंग की लोअर और काले रंग की टी-शर्ट और चप्पल पहन रखी थी।”
शिकायतकर्ता ने एक युवक पर शक जताया है। उन्होंने अपनी शिकायत में लिखा है, “मुझे शक है कि वह देव राजपूत के साथ गई है।”
इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। सेक्टर-3 चौकी के एएसआई महिंदर कुमार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजबीर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सीसीटीवी सर्वर डाउन होने के कारण एफआईआर दर्ज करने में थोड़ी देरी हुई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा।



