ऋषिकेश फायरिंग कांड के वांछित आरोपी निकले
तमंचे व कारतूस बरामद
अविकल उत्तराखंड
ऋषिकेश। पुलिस चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में उनके पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी बैरियर को टक्कर मारते हुए श्यामपुर की ओर फरार हो गए। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, जिस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में वांछित पाए गए हैं। आरोपियों ने दो व्यक्तियों पर गोली चलाकर उन्हें घायल कर दिया था। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल और चिकित्सालय पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



