भ्र्ष्ट पर वार, इलेक्ट्रिक बस सड़क पर उतार व भाजपा बार बार का बिगुल फूंक त्रिवेंद्र दिल्ली रवाना

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को हरी झंडी।   रायपुर विधानसभा में 50 करोड़ के शिलान्यास

2022 में प्रचंड बहुमत से जीतेगी भाजपा

रायपुर विधायक उमेश काऊ के कार्यक्रम में उमड़ी जनता

त्रिवेंद्र रावत जिंदाबाद के नारों से गुंजा हाल

अविकल उत्त्तराखण्ड

देहरादून।
देहरादून में इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाने व दिल्ली रवाना होने से पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बार बार भाजपा का नारा देते हुए साफ ऐलान किया कि भ्र्ष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही किया जाएगा।

रविवार को मियांवाला ,रायपुर विधानसभा के कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ से उत्साहित होकर सीएम त्रिवेंद्र रावत ने ऐलानिया अंदाज में कहा कि 2022 के चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतेगी।

उन्होंने कहा कि इस बार जनता इस मिथक को भी तोड़ेगी कि एक बार कांग्रेस दूसरी बार भाजपा। बल्कि अब बार बार भाजपा ही होगी।

मुख्यमन्त्री त्रिवेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासन में हर दिन भ्र्ष्टाचार के रिकार्ड बनते थे। और यह आमधारणा बन गयी थी कि भ्र्ष्टाचार के बिना सरकार नहीँ चल सकती। उन्होंने कहा कि भ्र्ष्टाचार झरने में पैसा लगता है लेकिन रोकने में कोई पैसा नहीं लगता।सीएम ने कहा कि वे कोई भी ऐसा काम नही करेंगे जिससे वो लोगों से आंख न मिला सके। त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि उनकी सरकार साफ सुथरी सरकार कही जाती है।

सीएम ने कहा कि 2017 के बाद कई मिथक टूटे। यह मिथक था कि सीएम आवास में रहने वाला सीएम कार्यकाल पूरा नहीं कर पाता। जिसकी प्रदेश में सरकार होती है उसके सांसद नही जीतते। लेकिन पांचों सांसद जीते। जनता के उत्साह व खुशी को देखते हुए सीएम ने अपने सम्बोधन की शुरुआत में ही कह दिया कि उन्हें चुनाव का माहौल लग रहा है। लोकसभा चुनाव, थराली, पिथौरागढ़ उपचुनाव,स्थानीय निकाय, हरिद्वार पंचायत चुनाव की जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि हर पांच साल में सरकार बदलने के मिथक को भी तोड़ना है। और देवतुल्य कार्यकर्ता को बार बार भाजपा को लाना है। यह भी कहा कि 95 में से 76 ब्लॉक प्रमुख भाजपा के हैं।

सीएम ने कहा कि अब घोषणाओं की सतत मॉनिटरिंग हो रही है। कांग्रेस के जमाने में घोषणाएं पूरी ही नहीं होती थी। उन्होंने कहा कि 85 प्रतिशत घोषणाओं पर काम हो चुका है। पानी कनेक्शन,सड़कें, सम्पत्ति में महिलाओं का सह खातेदार बनना,घसियारी कल्याण योजना, सौंग बांध ,सैन्य धाम व अटल आयुष्मान योजना की उपलब्धि गिनाते हुए सीएम ने  विधायक उमेश काऊ शर्मा की रायपुर विधानसभा में 50 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास कर व चुनावी माहौल बना दिल्ली के लिए उड़ गए।

————

मुख्यमंत्री  त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मिंयावाला में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 50 करोड़ रूपये की विभिन्न विकास योजनाओं को लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री  त्रिवेन्द्र ने कहा कि 18 मार्च को राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण हो जायेंगे। प्रदेश की जनता से जो वायदे किये गये, राज्य सरकार उन वायदों को पूरा कर रही है। जनता की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए राज्य सरकार कृतसंकल्प है। 2017 में जो विजन डोक्यूमेंट बनाया था, उसमें से 85 प्रतिशत से अधिक कार्य कर चुके हैं। जो घोषणाएं की गई हैं, उनकी नियमित समीक्षा भी की जा रही है। अधिकांश घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं।

सौंग बांध जुलाई 2022 तक होगा तैयार

उन्होंने कहा कि इस वर्ष मार्च-अप्रैल तक सौंग बांध के शिलान्याश के प्रयास किये जा रहे हैं। शिलान्यास के बाद 15 माह में यह बांध बनकर तैयार हो जायेगा। रिस्पना के पुनर्जीवन के लिए प्रयास किये जा रहे है। हरेला पर्व पर 16 जुलाई को प्रदेश में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जायेगा। 16 जुलाई को एक-एक वृक्षारोपण का सबको संकल्प लेना होगा।

11 हजार किमी सड़क बनी

सड़कों के विकास में विशेष ध्यान दिया गया है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पिछले 17 साल में जितनी सड़के बनी लगभग उतनी सड़के पिछले 03 साल और दस माह में राज्य में बनाई गई। इस अवधि में 11 हजार किमी सड़कें बनाई गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों में मात्र एक रूपये में पानी का कनेक्शन दिया जा रहा है। अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों में 06 लाख पानी के कनेक्शन दिये जा चुके हैं। 2022 तक 14 लाख 61 हजार पानी के कनेक्शन देने हैं। इसके लिए पहले 2360 रूपये में उपभोक्ता को पानी का कनेक्शन लेना पड़ता था। 2022 तक सबको पानी का कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में भी गरीबों को भी मात्र 100 रूपये में पानी का कनेक्शन दिया जायेगा। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में भी जल जीवन मिशन शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया।

महिला सशक्तिकरण में विशेष काम किये

मुख्यमंत्री  त्रिवेन्द्र ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। पति की पैतृक सम्पति में उनको अधिकार दिलाने का कार्य किया है। उत्तराखण्ड यह निर्णय लेने वाला देश का पहला राज्य है। यह सुधार आने वाले समय में समाज की दिशा और दशा को बदलेगा। महिलाओं को अब बैंक लोन लेने में परेशानी नहीं होगी। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि वर्ष 2008 में जब में प्रदेश का कृषि मंत्री था तब जनपद चमोली में मेरी मुलाकात विश्वेश्वरी देवी से हुई। उन्होंने मेरे समक्ष यह बात रखी थी कि पति की संपति में महिलाओं को बराबरी का अधिकार होना चाहिए। तब से मेरे जहन में यह बात थी। जनधन खातों के माध्यम से लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ दिया जा रहा है। राज्य में जल्द घसियारी कल्याण योजना लाई जा रही है। राज्य में हर वर्ष सैकड़ों महिलाओं की जंगल में घास लाने के दौरान अनेक कारणों से मौत हो जाती है। राज्य में इस तरह की कोई घटना न हो, इस योजना के लिए इस बार बजट में प्राविधान कर रहे हैं।   

ई-कैबिनेट में अवार्ड मिला

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि संस्थागत सुधार की दिशा में भी राज्य सरकार प्रयासरत है। ई-कैबिनेट के लिए राज्य सरकार को अवार्ड मिला। ई-कैबिनेट से पर्यावरण संरक्षण एवं पेपरलेस कार्यप्रणाली की शुरूआत की गई है। आज राज्य में 150 ऑफिस ई-ऑफिस हो चुके हैं। ग्रीष्म कालीन राजधानी गैरसैंण को भी ई-विधानसभा बनाया जा रहा है।

अटल उत्तराखण्ड आयुष्मान योजना

अटल उत्तराखण्ड आयुष्मान योजना के माध्यम से प्रत्येक परिवार को राज्य में 05 लाख रूपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच दिया गया है। इस योजना से अनेक लोग लाभान्वित हुए हैं।

देहरादून में पंचम धाम सैन्यधाम

राज्य में शहीद सैनिकों एवं अर्द्धसैन्य बलों के शहीदों के आश्रितों को उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुसार राज्याधीन सेवाओं में सेवायोजित किया जा रहा है। देहरादून में पंचम धाम सैन्यधाम बनाया जा रहा है। 2022 में भाजपा सरकार इसी सैन्यधाम में शपथ लेगी।

राज्य में 90 प्रतिशत डिग्री कॉलेज के अपने भवन बन चुके हैं। जल्द ही शेष महाविद्यालयों के भवन भी बनाये जायेंगे। भवन के साथ ही महाविद्यालयों को कम्प्यूटर एवं वाई-फाई की सुविधा भी दी जा रही है। राज्य में 500 विद्यालयों में वर्चुअल क्लास चल रही है। 600 और विद्यालयों में जल्द ही वर्चुअल क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।

इस अवसर पर विधायक  उमेश शर्मा काऊ, मेयर सुनील उनियाल गामा, राज्य मंत्री  राजकुमार पुरोहित, राजपाल सिंह रावत, भाजपा के महानगर अध्यक्ष  सीताराम भट्ट एवं स्थानीय जन प्रतिनिधि उपस्थित थे।

दून की सड़क पर उतरी पांच इलेक्ट्रिक बस

देहरादून।
मुख्यमंत्री  त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दिलाराम चौक स्थित जल संस्थान कार्यालय से स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत यह एक अच्छी शुरूआत हुई है। इलेक्ट्रिक बस से प्रदूषण भी कम होगा और लोगों की यात्रा भी सुलभ होगी। पांच इलेक्ट्रिक बसों को मुख्यमंत्री ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

स्मार्ट सिटी में चलने वाली इन बसों में 25 सीटें सामान्य लोगों के लिए एवं दिव्यांग व्यक्तियों के लिए व्हील चेयर खड़ी करने के लिए स्थान की सुविधा उपलब्ध है। इलेक्ट्रिक बस में फ्रंट और रियर एयर सस्पेंशन की सुविधा उपलब्ध है। यह बस वातानुकूलित है, इसमें जी.पी.एस. सिस्टम, 03 सीसीटीवी कैमरा, ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन, आई.टी.एस. डिस्प्ले, हर सीट में यूएसबी पोर्ट, आपातकालीन बटन, इमरजेंसी हैमर, अग्निशमन यंत्र एवं रिजनरेशन सिस्टम की सुविधा है।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर  सुनील उनियाल गामा, विधायक  हरबंस कपूर,  विनोद चमोली,  गणेश जोशी एव जिलाधिकारी  डॉ. आशीष श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *