विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी उत्तराखंड कांग्रेस

धस्माना ने खड़गे और वेणुगोपाल से लिया मार्गदर्शन

उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार कांग्रेस

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता मोहन प्रकाश से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुलाकात के दौरान धस्माना ने राष्ट्रीय नेताओं को उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों पर कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे आंदोलनों और सरकार के खिलाफ किए जा रहे संघर्षों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने के साथ ही जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।

धस्माना ने राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल को बताया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कार्यकाल से निराश है और अब सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है। कांग्रेस आगामी चुनाव में जनता की अपेक्षाओं और राज्य के बुनियादी सवालों को केंद्र में रखकर मैदान में उतरेगी।

देहरादून लौटने पर धस्माना ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व को उत्तराखंड में कांग्रेस की संभावनाओं से काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेताओं के मार्गदर्शन से प्रदेश कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *