…तो अपनी ही ब्रांडिंग में लग गए पार्टी के पंच परमेश्वर !

दिल्ली तक जताई नाराजगी,सीएम करेंगे हाईकमान से चर्चा

राज्यसभा दावेदार- कोर ग्रुप सदस्यों की दावेदारी से जंग हुई तेज

अविकल थपलियाल

देहरादून। उत्तराखण्ड से राज्यसभा में प्रवेश के लिए घमासान तवज हो गया है। हाल ही भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में टिकट के दावेदारों के संभावित पैनल को लेकर पार्टी के अंदर ही सुगबुगाहट तेज हो गयी है।
पैनल के कुछ बड़े नामों को लेकर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक।ऐतराज जताने की खबरें सामने आ रही है।
पार्टी सूत्रों का कहना कि कोर ग्रुप के सदस्यों के नाम दावेदारों के पैनल में रखने से नाराजगी भी देखी जा रही है। नाराज नेताओं का कहना है कि जिन्हें पार्टी ने काफी कुछ दिया है। वही नेता अब राज्यसभा के टिकट की लाइन में भी लग गए हैं।
पार्टी के ये पंच परमेश्वर अपनी ही ब्रांडिंग में लग गए।  जबकि पार्टी के अन्य निष्ठावान नेताओं को तरजीह मिलनी चाहिए।
इस मुद्दे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली को भी अपनी भावनाओं से अवगत करा दिया है। इस मामले के और तूल पकड़ने की भी संभावना है।
हालांकि, मोदी-शाह के जारी युग में राज्यसभा के लिए किसी ऐसे नाम पर भी मुहर लग सकती है, जिसकी दूर दूर तक चर्चा भी न हो रही हो।
मोदी -शाह अपने राजनीतिक फैसलों से चौंकाते भी रहे हैं।

फिलहाल राज्यसभा टिकट के दावेदारों में पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत,  मंत्री सतपाल महाराज,मंत्री धन सिंह रावत, ज्योति प्रसाद गैरोला,स्वराज विद्धवान, पूर्व सांसद बलराज पासी, अनिल गोयल, पुनीत मित्तल, पूर्व सीडीएस  व एक पूर्व डीएफओ का नाम बताया जा रहा है।
इधऱ, सीएम धामी रविवार की दोपहर दिल्ली जा रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि दिल्ली में पार्टी नेताओं से चर्चा में राज्यसभा के उम्मीदवार पर भी फैसला हो सकता है। सीएम धामी की कृपा किस नेता पर बरसेगी? फिलहाल इस पर भी बरसाती धुंध छाई हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *